प्रदीप मालवीय, उज्जैन। नागपंचमी पर्व पर इस साल श्री महाकालेश्वर मंदिर के द्वितीय तल पर विराजमान भगवान श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर पर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। नाग पंचमी पर्व के साथ ही श्रावण माह के तीसरे सोमवार के विशेष संयोग पर बाबा महाकाल की नगरी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जिससे पिछले वर्ष के सारे रिकॉर्ड टूट गए।
इस साल उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या ने प्रशासन के पिछले सभी अनुमानों और रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। साल में एक बार 24 घंटे के लिए खुलने वाले श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर में 12 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। पिछले साल यह संख्या करीब 8 लाख थी। वहीं, श्री महाकालेश्वर मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार पर 4 लाख 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। इसी प्रकार बाबा महाकाल की सवारी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर उमड़े और भव्य सवारी के दर्शन किए। वहीं श्रावण मास में 30 जुलाई से 17 अगस्त 2026 तक श्री महाकालेश्वर मंदिर में कुल 77,51,231 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया के अनुसार बाबा महाकाल के मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। जिसको देखते हुए मंदिर समिति द्वारा समय – समय पर इंतजामों को पुख्ता किया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


