प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। मोहनपुरा हाईवे स्थित ब्रिज के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह चकनाचूर हो गई। घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

ये भी पढ़ें: EXCLUSIVE: इंदौर में फल-फूल रहा फर्जी एडवाइजरी कंपनियों का नेटवर्क, 15 लाख लगाओ 30% कमाओ, क्या वाकई इतना आसान है पैसा कमाना?

मौके पर ही टूट गईं सांसें, बाइक के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोहनपुरा ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार तूफान वाहन और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हुई। भिड़ंत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक सवार दोनों युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मुल्लापुर क्षेत्र के रहने वाले थे मृतक

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। शुरुआती जांच और शिनाख्त में सामने आया है कि दोनों मृतक मुल्लापुर क्षेत्र के रहने वाले थे। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी है जिसके बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

ये भी पढ़ें: केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की कार्रवाई: कार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित ड्रग्स जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने तूफान वाहन को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर दुर्घटना के असली कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m