पीयूष जायसवाल, नागदा (उज्जैन)। Wife Kills Husband: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के उन्हेल में पत्नी द्वारा पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर में युवक का रक्तरंजित शव मिलने के कुछ ही घंटों में पुलिस ने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

उन्हेल के नागराज मंदिर के पीछे रहने वाले 32 वर्षीय विक्रम लोहार का शव उसके घर में खून से लथपथ हालत में मिला था। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने एफएसएल, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू की। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी माधुरी उर्फ राधिका से पूछताछ की गई, जिसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि पति आए दिन मारपीट और प्रताड़ित करता था। घटना की रात विवाद के बाद उसने सोते समय हथौड़े से सिर पर वार कर पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m