प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर में वीवीआईपी आगमन का सिलसिला जारी है। बीती रात प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाई और विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।

गर्भ गृह में भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया  

जानकारी के अनुसार, दोनों वरिष्ठ नेता देर रात महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। उन्होंने नंदी हॉल और गर्भगृह के द्वार से भगवान श्री महाकालेश्वर के अलौकिक दर्शन किए। दर्शन के उपरांत उन्होंने देश और प्रदेश की सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना की। बाबा महाकाल की भक्ति में लीन होकर दोनों नेताओं ने पुरोहितों के जरिए विशेष पूजा संपन्न कराई।

मंदिर समिति ने किया स्वागत 

इस दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का आत्मीय स्वागत एवं सत्कार किया। मंदिर समिति की तरफ से दोनों गणमान्य अतिथियों को प्रसाद और स्मृति चिह्न भेंट किए गए। इस दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और पार्टी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m