प्रदीप मालवीय, उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में आगामी सिंहस्थ – 2028 के आयोजन को लेकर पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर उज्जैन में वरिष्ठ अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंहस्थ के लिए पुलिस बल के प्रशिक्षण, संसाधनों और रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में करीब 22 अधिकारी शामिल हुए
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सिंहस्थ-2028 के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए जिन अधिकारियों द्वारा पुलिस बल को प्रशिक्षण दिया जाना है, उन्हें लेकर यह उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में एडीजी इंटेलीजेंस, डीजी ईओडब्ल्यू तथा सिंहस्थ-2016 में उज्जैन में पदस्थ रहे पूर्व आईजी मनोहर वर्मा सहित स्थानीय एवं बाहरी जिलों से आए करीब 22 अधिकारी शामिल हुए।
समय रहते सुव्यवस्थित प्रशिक्षण और रणनीतिक तैयारी
एसपी शर्मा के अनुसार, बैठक में सिंहस्थ-2028 के प्रशिक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मंथन किया गया। तैयार की गई प्रशिक्षण सामग्री की समीक्षा कर उसे रिवाइज किया गया, ताकि पुराने अनुभवों और आगामी समय में अपनाई जाने वाली नई तकनीकों व व्यवस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। शीघ्र ही चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए रिसोर्स पर्सन की नियुक्ति, व्यवस्थाओं की रूपरेखा और संचालन तंत्र को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। विभाग का मानना है कि समय रहते सुव्यवस्थित प्रशिक्षण और रणनीतिक तैयारी ही सिंहस्थ-2028 जैसे विशाल आयोजन को सुरक्षित और सफल बनाने की आधारशिला होगी।

