प्रदीप मालवीय, उज्जैन/तराना। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के तराना क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के ग्राम कनार्दी में मोबाइल नंबर के लेनदेन और विवाद को लेकर 12वीं कक्षा के एक छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर भी अपलोड कर दिया। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को राउंडअप कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, घटना 1 नवंबर की शाम करीब 7 बजे की है। कुछ युवक ग्राम कनार्दी में 12वीं के छात्र के घर पहुँचे और उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर गांव के श्मशान के पास ले गए। बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद की शुरुआत एक छात्रा द्वारा मोबाइल नंबर मांगने और नंबर देने को लेकर हुई थी, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई।

पीड़ित छात्र ने तराना थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया है कि तौफीक खान, अलफेज, सोयब वकील सहित अन्य युवकों ने उसके साथ जमकर गाली-गलौज की। इसके बाद आरोपियों ने बेल्ट और डंडों से उसकी बुरी तरह पिटाई की। जब छात्र ने विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

वीडियो इंस्टाग्राम पर किया अपलोड 

मारपीट की इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।

घटना के बाद डरा-सहमा पीड़ित छात्र अपने पिता के साथ तराना थाने पहुँचा और पुलिस को पूरी आपबीती बताई। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। तराना पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त चार आरोपियों को राउंडअप कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m