प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन में चलती ट्रेनों में पार्सल चोरी करने वाले गिरोह का आरपीएफ ने पर्दाफाश किया है। आरपीएफ उज्जैन ने सूरत आरपीएफ क्राइम ब्रांच और मुंबई मंडल की टीम के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश और बिहार में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 5.60 लाख रुपये से ज्यादा के रेडीमेड लेडीज कपड़े और करीब 1.50 लाख रुपये की आर्टिफिशियल ज्वेलरी बरामद की गई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी रेलवे के मेंटेनेंस कर्मचारियों की तरह कपड़े पहनकर ट्रेन के एसएलआर कोच में दाखिल होते थे। इसके बाद इलेक्ट्रिक कटर से कोच की प्लाईवुड और लोहे की चादर काटकर पार्सल चुरा लेते थे। उनकी इस हरकत को देखकर यात्रियों को लगता था कि रेलवे कर्मचारी मरम्मत का काम कर रहे हैं। वारदात के बाद आरोपी बीच रास्ते में ही ट्रेन से उतर जाते थे।
ये भी पढ़ें: सीहोर में शराब के नशे में धुत वाहन चालक का भारी हंगामा, चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों से की बदसलूकी, नेमप्लेट फेंकी
मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
19 सितंबर 2026 को अहमदाबाद-दरभंगा अंत्योदय एक्सप्रेस में एसएलआर कोच काटकर आर्टिफिशियल ज्वेलरी के पार्सल चोरी होने की शिकायत मिली थी। मुंबई मंडल की एक अन्य ट्रेन में भी रेडीमेड लेडीज कपड़ों की चोरी सामने आई। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम बनाई गई। कार्रवाई के दौरान गिरोह के मुख्य आरोपी अनिल पटेल को वाराणसी से, जबकि मोहम्मद जाहिद और मोहम्मद विक्की को बिहार के मुंगेर से गिरफ्तार किया गया। आरपीएफ के मुताबिक, गिरोह के दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

