प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में बड़ा हादसा हो गया। जहां नहाने गए दो दोस्त अचानक गहरे पानी में जाने से डूब गए। यह वाक्या सोमवार दोपहर 3 से 4 बजे के करीब का है। खदान में डूबे नाबालिग दोस्तों को ढूंढने के लिए शाम से SDRF और होमगार्ड की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। यह पूरा मामला नागझिरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम करौंदिया में मान के आयोजन में पहुंचे 9 दोस्त खदान में नहाने गए थे, जिसमें से दो खदान से बाहर नहीं आए और लापता हो गए। शाम तक जिला और पुलिस प्रशासन को सूचना मिलने पर प्रशासन हरकत में आया सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
ये भी पढ़ें: MP में कैदियों ने की आत्महत्या: भोपाल और जबलपुर सेंट्रल जेल में फांसी लगाकर दी जान, इस मामले में काट रहे थे सजा
एक का शव बरामद
रेस्क्यू ऑपरेशन में SDRF और होमगार्ड की दो टीमें लगाई गईं, जिन्होंने खदान में कई घंटों तक लगातार खोजबीन की। इस दौरान पानी के अंदर डूबे युवकों को तलाशने के लिए अंडरवाटर रेस्क्यू कैमरा का भी उपयोग किया गया। रात साढ़े 10 बजे रेस्क्यू टीम ने एक नाबालिग किशोर का शव निकाल लिया।
18 साल बाद हुआ था बेटे का जन्म
खदान में डूबने वाले युवकों की पहचान 16 वर्षीय अनस, निवासी अशोकनगर और 17 वर्षीय शुभम निवासी उज्जैन के रूप में हुई है। शुभम का शव सर्च ऑपरेशन के बाद रात 10 बजे तक निकाला गया। वहीं बताया जा रहा है कि शुभम 18 साल बाद बड़ी ही मान-मन्नत से हुआ था, जो अचानक ही काल के गाल में समा गया। वहीं एक अन्य युवक की तलाश अभी भी जारी है।

