प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी मंगलवार को इंदौर से मंदसौर जाते समय कुछ समय के लिए उज्जैन से करीब 40 किलोमीटर दूर उन्हेल के पास स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जीतू पटवारी राधा कृष्ण भगवान के दुपट्टा को गले से उतारकर फेंक रहे है। वीडियो सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

दरअसल, वायरल वीडियो में एक किसान जीतू पटवारी को श्री राधा-कृष्ण का फोटो वाला दुपट्टा भेंट करता दिखाई दे रहा है। आरोप लगाया जा रहा है कि पटवारी ने दुपट्टा हाथ में लेने के बाद पहले से गले में पहना हुआ एक अन्य धार्मिक दुपट्टा भी उतार दिया और दोनों दुपट्टों को नीचे लोगों की ओर फेंक दिया। वीडियो में उनके हाथ में भगवान के नाम और तस्वीर वाले दुपट्टे दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें पहनने के बजाय नीचे फेंकते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

ये भी पढ़ें: सीएम डॉ मोहन का बड़ा फैसला: अब इलेक्ट्रिक कार से करेंगे सफर, गाड़ी नंबर MP 02 VB 2047 में दिखा खास संदेश

मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस और जीतू पटवारी पर निशाना साधा है। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी विवेक गुप्ता ने इसे सनातन धर्म और किसानों का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी का यह व्यवहार धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है और सार्वजनिक जीवन में इस प्रकार का आचरण उचित नहीं माना जा सकता।

ये भी पढ़ें: जल जीवन मिशन: MP को केंद्र सरकार से मिलेंगे 5000 करोड़ रुपये, मार्च 2028 तक हर घर ‘नल-जल’ का लक्ष्य

विवेक गुप्ता ने आरोप लगाया कि जो किसान उन्हें ‘श्री राधे’ अंकित दुपट्टा पहना रहे थे, उसे फेंककर पटवारी ने किसानों और सनातन संस्कृति का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में संयम, मर्यादा आवश्यक है और जनप्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारी का ध्यान रखना चाहिए। फिलहाल इस पूरे मामले पर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वीडियो की सत्यता और उसके संदर्भ को लेकर भी कांग्रेस की तरफ से अभी तक कोई स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m