प्रदीप मालवीय, उज्जैन। महाकाल थाना क्षेत्र स्थित नीलकंठ द्वार के पास बड़ा हादसा सामने आया है। यहां नलिया बाखल क्षेत्र की होटल टेम्पल व्यू में शुक्रवार को गाजियाबाद निवासी 38 वर्षीय मुकेश कुमार का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मुकेश अपने साथी विनीत गोयल के साथ 1 सितंबर को बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आया था।

शुक्रवार को कमरे से तेज बदबू आने पर होटल प्रबंधन ने महाकाल थाना पुलिस को सूचित किया। दरवाजा खोलने पर मुकेश का शव मिला। पुलिस के मुताबिक 3 सितंबर को साथी विनीत होटल का पूरा बिल चुकाकर अचानक गायब हो गया था, जिससे घटना में हत्या की आशंका भी जताई जा रही  है।

मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार साथी विनीत की तलाश में टीमें रवाना कर दी गई हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m