प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में शुक्रवार को हादसा हो गया। जहां गणपति विसर्जन के बाद तालाब में नहाने उतरा एक युवक डूब गया। वहीं उसकी महिला मित्र वीडियो बनाती रही। युवक के डूबने का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्चिंग शुरू की। कड़ी मशक्कत कर रेस्क्यू के बाद शव को बाहर निकाला। यह पूरा मामला मक्सी रोड पंचक्रोशी मार्ग स्थित उंडासा तालाब का है।

मृतक की पहचान गोलू उर्फ सागर (32) पिता रमेशचंद्र कटारिया, निवासी सत्संग गली, पंवासा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गोलू अपने दोस्त अनमोल और महिला मित्र के साथ गणपति प्रतिमा विसर्जन के लिए उंडासा तालाब पहुंचा था। पुलिस-प्रशासन की ओर से प्रतिमा विसर्जन के लिए स्थान निर्धारित किया गया था, लेकिन गोलू अपनी महिला मित्र के साथ तालाब के दूसरे हिस्से में चला गया। प्रतिमा विसर्जन के बाद अनमोल वहां से चला गया।

ये भी पढ़ें: गणेश विसर्जन की खुशियां मातम में बदलीं: गहरे पानी में डूबे भाजपा नेता के दो सगे बेटे, 6 घंटे के रेस्क्यू के बाद निकले शव

समझ नहीं पाई महिला मित्र और…

इसके बाद गोलू ने महिला मित्र से कहा कि उसे तैरना आता है और वह नहाकर आता है। वह तालाब में उतर गया, जबकि महिला मित्र मोबाइल से उसका वीडियो बनाने लगी। महिला मित्र के अनुसार, गोलू से उसने कहा कि, “तुम्हारा वीडियो बन रहा है, अब आ जाओ।” इसके बाद गोलू तैरने लगा, लेकिन वह एक ही स्थान पर हाथ-पैर चलाता रहा। महिला मित्र ने उसे आगे बढ़ने के लिए कहा, लेकिन कुछ ही देर में वह गहरे पानी में डूब गया। पहले महिला मित्र को लगा कि वह पानी में तैर रहा है, लेकिन जब गोलू आंखों से ओझल हो गया तो उसने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी।

ये भी पढ़ें: गौ तस्करी के आरोप में तालिबानी सजा! 2 युवकों को अर्धनग्न कर ‘नागिन’ धुन पर कराया डांस, बेल्ट-डंडों से पीटने का वीडियो वायरल

किराए के मकान में रहता था गोलू

वहीं सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्चिंग शुरू की। रेस्क्यू के बाद गोलू को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पंवासा थाना प्रभारी घामरसिंह मंडलोई ने बताया कि युवक निर्धारित विसर्जन स्थल के बजाय तालाब के अन्य स्थान पर गया था। तैरने के दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। एसडीईआरएफ टीम की मदद से शव को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया गया है कि गोलू बापूनगर क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर महिला मित्र के साथ रह रहा था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m