इमरान खान, खंडवा। खंडवा में गणेश विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में डूबे दो सगे भाइयों के शव एसडीआरएफ की टीम ने करीब 6 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिए। दोनों किशोर अपने तीन साथियों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जित करने पहुंचे थे। पांच बच्चे पानी में डूबने लगे, जिनमें से तीन को स्थानीय लोगों ने बचा लिया, लेकिन दो सगे भाई गहरे पानी में चले गए।

घटना नहल्दा गांव में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे की है। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मिंटू पाठक के बेटे लक्ष्य (15) और विश्वास (17) अपने तीन साथियों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जित करने पहुंचे थे। जिस जगह हादसा हुआ, वह पारंपरिक तालाब नहीं बल्कि गिट्टी खदान का क्षेत्र बताया जा रहा है। रोड निर्माण के दौरान यहां खुदाई से बने गड्ढों में बारिश का पानी जमा हो गया था। विसर्जन के दौरान पांच बच्चे गहरे पानी में जाने लगे। स्थानीय लोगों ने तीन बच्चों को बचा लिया, लेकिन लक्ष्य और विश्वास गहरे पानी में डूब गए।

ये भी पढ़ें: खंडवा में गणेश विसर्जन के दौरान हादसा: पानी से भरी खदान में डूबे बच्चे, 3 सुरक्षित, 2 सगे भाई लापता

पांच घंटे बाद मिला शव

सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब 15 सदस्यीय एसडीआरएफ टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी तलाश के बाद भी सफलता नहीं मिली तो ओंकारेश्वर से प्रशिक्षित गोताखोर बुलाए गए। करीब पांच घंटे बाद रात 11 बजे दोनों भाइयों के शव बरामद हुए। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे और महापौर अमृता यादव पूरे समय मौके पर मौजूद रहीं।

ये भी पढ़ें: गणेश विसर्जन करने गए थे, लौटकर आईं अर्थियां! धार के बदनावर में बड़ा हादसा, तीन युवकों की डूबने से मौत

कलेक्टर बोले- यह स्थान गणेश विसर्जन के लिए चिन्हित नहीं था

कलेक्टर ऋषव गुप्ता के मुताबिक, जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह गणेश विसर्जन के लिए चिन्हित नहीं था। गांव में पारंपरिक तालाब में विसर्जन किया जाता है, लेकिन बच्चे पानी भरे गड्ढे वाले स्थान पर पहुंच गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। जो नियम अनुसार शासन की ओर आर्थिक सहायता होती वह परिवार को दी जाएगी।

ये भी पढ़ें: MP में गणेश विसर्जन पर दर्दनाक हादसे: भिंड में तीन किशोर पानी में समाए, झाबुआ में सहेलियों के साथ गई नाबालिग की मौत

विधायक ने जताया दुख

खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दर्दनाक घटना है। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा मेरी विधानसभा क्षेत्र मेरा परिवार है, परिवार में दुःखद घटना घटी है। विधायक ने कहा कि प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन में पूरी तत्परता दिखाई गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m