प्रदीप मालवीय, उज्जैन। ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर ठगी के ज्यादातर मामलों में डूबा हुआ पैसा वापस मिलना मुश्किल होता है, लेकिन उज्जैन जिले की इंगोरिया थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने न सिर्फ अंतर्राज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए गुजरात से एक शातिर ठग को दबोचा है बल्कि फरियादी से ठगी गई करीब दो लाख रुपए की पूरी रकम भी बरामद कर ली है।

ये भी पढ़ें: किताबों की उम्र में ‘नशे का ककहरा’: 10 साल के बच्चे का जाम छलकाते वीडियो वायरल, इसका जिम्मेदार कौन?

इन्वेस्टमेंट के नाम पर की थी ₹1.95 लाख की ठगी

जानकारी के अनुसार, ग्राम कड़ाई निवासी फरियादी गोपाल ठाकुर ने इंगोरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात बदमाश ने उन्हें भारी मुनाफे का झांसा दिया और इन्वेस्टमेंट के नाम पर कुल 1 लाख 95 हजार 58 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दे दिया। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तकनीकी साक्ष्यों की मदद से गुजरात में दी दबिश

साइबर अपराध की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स को खंगाला, जिसके आधार पर आरोपी की लोकेशन गुजरात के दाहोद में ट्रेस हुई। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी करते हुए गुजरात के दाहोद के ग्राम पिपलिया में दबिश दी और आरोपी राजेश पिता विधिया भाई को धर दबोचा।

ये भी पढ़ें: MP सड़क हादसे में 4 मौत: नरसिंहपुर में डंपर ने बाइक सवार को रौंदा, डबरा में ट्रक ने दंपति को कुचला, शहडोल में बाइक पेड़ से टकराई, हुई मौत

ठगी की पूरी रकम बरामद

थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया कि कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी राजेश ने ऑनलाइन ठगी का अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी के पास से ठगी गई पूरी रकम बरामद कर ली है। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को बड़नगर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m