अनूप दुबे, कटनी। कहते हैं बच्चे देश का भविष्य होते हैं और उनके हाथों में कलम-किताबें समाज की उन्नति का रास्ता तय करती हैं। लेकिन मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक ऐसी झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने सामाजिक ताने-बाने और प्रशासनिक दावों की धज्जियां उड़ाकर रख दी हैं। यहां बरही थाना क्षेत्र के कोटेश्वर गांव में महज 10 साल के मासूम बच्चे खुलेआम शराब का जाम छलकाते और एक-दूसरे को परोसते नजर आ रहे हैं। इस अमानवीय और घिनौने सच का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।

ये भी पढ़ें : झीलों की नगरी में ‘यूथ वाइब्स’: भोपाल की चलती मेट्रो में युवाओं का डांस और मस्ती, ₹7000 में बुक हुआ पूरा कोच!

मयखाने बने गांव, मुनाफे के लिए नौनिहालों का भविष्य दांव पर

स्थानीय ग्रामीणों का दर्द है कि बरही क्षेत्र सहित जिले के ग्रामीण अंचल इस वक्त अवैध शराब की पैकारी और तस्करी के सबसे बड़े गढ़ बन चुके हैं। चंद रुपयों के मुनाफे के चक्कर में शराब माफिया अब इन मासूम नौनिहालों को अपना शिकार बना रहे हैं। हालात इतने बदतर हैं कि गांव-गांव में संचालित अवैध पैकारियों, किराना दुकानों और ढाबों पर बिना किसी डर के सुबह से देर रात तक मयखाना सजता है। हद तो तब हो गई जब इन माफियाओं ने बच्चों के हाथों में डिस्पोजल और बोतलें थमा दीं, जिससे ये मासूम छोटी सी उम्र में ही नशे के इस जानलेवा दलदल में धंसने लगे हैं।

नशा मुक्ति के बड़े-बड़े दावे जमींदोज

यह वीडियो समाज के माथे पर कलंक तो है ही साथ ही पुलिस और आबकारी विभाग के उन खोखले दावों की भी कलई खोलता है जिसमें ‘नशा मुक्ति अभियान’ और ‘शिकंजा’ जैसे भारी-भरकम शब्दों का ढोल पीटा जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस और आबकारी अमला केवल खानापूर्ति के लिए कुछ लीटर महुआ या कच्ची शराब पकड़कर अपनी पीठ थपथपा लेता है लेकिन इस काले कारोबार के मुख्य सरगनाओं और खुलेआम चल रहे अवैध अड्डों पर हाथ डालने से खाकी हमेशा कतराती है। इसी शह का नतीजा है कि आज 10 साल के बच्चे सरेआम जाम छलका रहे हैं।

सुलगते सामाजिक सवाल: आखिर जिम्मेदार कौन?

इस दिल दहला देने वाली तस्वीर के बाद क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है और लोग अब सीधे सवाल उठा रहे हैं कि आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है? जिस उम्र में बच्चों को ककहरा सीखना चाहिए, खेल-कूद में हिस्सा लेना चाहिए, उस उम्र में उनके कदम बर्बादी की ओर बढ़ रहे हैं। क्या पुलिस और प्रशासन तब जागेगा जब पूरा समाज इस नशे की आग में भस्म हो जाएगा?

ये भी पढ़ें : MP सड़क हादसे में 4 मौत: नरसिंहपुर में डंपर ने बाइक सवार को रौंदा, डबरा में ट्रक ने दंपति को कुचला, शहडोल में बाइक पेड़ से टकराई, हुई मौत

वास्तविकता की जांच में जुटी पुलिस

मामले की गंभीरता को लेकर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जांच कराई जा रही है। वीडियो में दिख रहे अन्य लोगों और जगह की पहचान की जा रही है। वीडियो वास्तविक पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ बेहद सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m