मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. जिले के मिल्कीपुर तहसील के इनायत नगर थाना क्षेत्र के अलीपुर खजूरी गांव में बुधवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर दिया. गुरुवार सुबह जब ग्रामीणों ने पार्क में लगी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखा तो पूरे गांव में आक्रोश फैल गया.
जानकारी के अनुसार, गांव के मुख्य चौराहे के पास स्थित अंबेडकर पार्क में लगी प्रतिमा तोड़ दिया गया था. सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर जब टूटी प्रतिमा पर पड़ी तो देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने इस कृत्य को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई.
इसे भी पढ़ें- योगी सरकार नौकरी देती है या ‘बेचती’ है! नर्सिंग भर्ती में जयपुर की एक कोचिंग के 500 अभ्यर्थियों का चयन, अखिलेश ने बोला तीखा हमला
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया. एसडीएम मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा और क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पीयूष मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उनके साथ इनायतनगर और कुमारगंज थाने की पुलिस फोर्स भी मौजूद रही. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया.
एसडीएम मिल्कीपुर ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि प्रतिमा को जल्द ही सम्मान के साथ पुनः स्थापित किया जाएगा और इस घृणित कृत्य को अंजाम देने वाले अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें- ‘जितना बांग्लादेश की आबादी नहीं उससे ज्यादा वोट काट दिए’ इमरान मसूद बोले- ‘ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा’
वहीं सीओ मिल्कीपुर ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है.

