देहरादून. जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग द्वारा अवगत कराया गया है कि नगरासू स्थित गुरुद्वारे में अरदास लंगर एवं यात्रियों के आवाजाही सुचारू रूप से जारी है. सभी से यह अपील है कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर ध्यान ना दें. गुरुद्वारे में किसी भी प्रकार का कब्जा, हिंसा या बंधक होने की सभी बातें असत्य व अपुष्ट हैं. गुरुद्वारे में सभी व्यवस्थाएं प्रबंधन समिति द्वारा सुचारू रूप से संचालित की जा रही है.

इसे भी पढ़ें- ‘भारत के भविष्य’ से सिर्फ खिलवाड़ हो रहा! री-नीट एग्जाम सेंटर में गड़बड़ी को लेकर भड़के हरीश रावत, NTA और धर्मेंद्र प्रधान पर साधा निशाना

दरअसल, नगरासू स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब में निहंग सिखों द्वारा किए गए हंगामे और कब्जे के कारण यह विवाद चर्चा में था. निहंग सिखों का आरोप है कि स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधन ने कर्णप्रयाग में हुई एक घटना में उनका पक्ष नहीं लिया था. बीते 16 जून को चमोली जिले के कर्णप्रयाग (हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग) में निहंग श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों और युवकों के बीच किसी बात को लेकर हिंसक झड़प हुई थी. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निहंगों को गिरफ्तार किया था.

इसे भी पढ़ें- सरकार से सड़क पर लड़ाईः सचिवालय के बाहर कांग्रेस देगी धरना, गणेश गोदियाल ने धामी सरकार के खिलाफ लोगों से की ये बड़ी अपील…

इस घटना से नाराज पंजाब से आए निहंगों ने नगरासू गुरुद्वारा प्रबंधन से सहयोग की अपील की थी. गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से अपेक्षित सहयोग न मिलने पर, निहंगों ने गुरुद्वारे के सेवादार के साथ मारपीट की और गुरुद्वारे के मुख्य भाग पर कब्जा कर लिया था. निहंगों द्वारा कुछ लोगों को बंधक बनाने की बात भी सामने आई थी. हालांकि बाद में उन लोगों को छोड़ दिया गया था. लेकिन सेवादार को अपने कब्जे में रखा. वे हथियार लहराते हुए गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए थे.