देहरादून. कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा खराब मौसम की भेंट चढ़ गया. राहुल पौड़ी और अल्मोड़ा में सभा को संबोधित करने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका और वे वहां पहुंच नहीं पाए थे, जिसके बाद राहुल गांधी ने फोन के जरिए रैली को संबोधित किया था. जिसे लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का बड़ा बयान सामने आया है, उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा है.
इसे भी पढ़ें- ये केवल फैक्ट्री नहीं, उत्तराखंड की पहचान…IMPCL के निजीकरण के विरोध में हरीश रावत, जानिए पूर्व CM ने ऐसा क्या कहा?
गणेश गोदियाल ने कहा, अल्मोड़ा की परिवर्तन शंखनाद रैली में उमड़ा जनसैलाब इस बात का स्पष्ट संकेत है कि उत्तराखंड की जनता भाजपा के कुशासन, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों से त्रस्त होकर बदलाव का मन बना चुकी है. रैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं हम सबके प्रिय नेता राहुल गांधी जी को प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित होना था, लेकिन खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण उनका हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा में लैंड नहीं कर सका और उन्हें पंतनगर लौटना पड़ा.
इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर क्यों नहीं उड़ा? हरीश रावत ने उठाया सवाल, DGCA और UCADA से मांगा जवाब
आगे उन्होंने ये कहा, इसके बावजूद राहुल गांधी जी ने पंतनगर से ही मोबाइल फोन के माध्यम से अल्मोड़ा की देवतुल्य जनता और हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में यह पहला अवसर है जब मौसम के कारण वे किसी जनसभा तक नहीं पहुंच सके. साथ ही उन्होंने शीघ्र ही पुनः अल्मोड़ा आकर जनता से सीधे संवाद करने का वादा किया.

