देहरादून. कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा खराब मौसम की भेंट चढ़ गया. राहुल पौड़ी और अल्मोड़ा में सभा को संबोधित करने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका और वे वहां पहुंच नहीं पाए. इसके बाद उनका देहरादून का भी दौरा कैंसिल कर दिया गया. इन सबके बाद पूर्व सीएम ने हेलीकॉप्टर न उड़ने को लेकर सवाल खड़ा किया है. हरीश रावत ने DGCA और UCADA से सवाल किया है.

इसे भी पढ़ें- मैं जल्द आऊंगा… खराब मौसम के चलते राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा रद्द, BJP ने कसा तंज

हरीश रावत ने कहा, जब दूसरे हेलीकॉप्टर उड़ रहे थे, तो राहुल जी का हेलीकॉप्टर क्यों नहीं उड़ पाया? जवाब दे कौन—DGCA, UCADA या हेली कंपनी? राहुल गांधी जी को अल्मोड़ा पधारना था. पूरा अल्मोड़ा ही नहीं, सारा कुमाऊं मंडल हजारों-हजार की संख्या में एक विशाल जमवाड़े के रूप में राहुल गांधी जी को सुनने के लिए उनका इंतजार कर रहा था. उन्हें पौड़ी भी पहुंचना था, वहां सुबह से हमारे पूर्व सैनिकगण एकत्रित हुए थे, कांग्रेस कार्यकर्ता भी पहुंचे हुए थे. कल देहरादून में कार्यकर्ताओं की बैठक थी, उसके लिए भी बहुत उत्साहपूर्ण तैयारियां थीं. लेकिन अचानक सूचना आई कि राहुल गांधी जी का हेलीकॉप्टर मौसम खराब होने के कारण लैंड नहीं हो पाएगा.

आगे हरीश रावत ने कहा, राहुल जी को पंतनगर वापस जाना पड़ा और फिर वहां से उन्होंने अल्मोड़ा में एकत्रित सभी कांग्रेसजनों, भाई-बहनों को टेलीफोन के माध्यम से संबोधित किया, लेकिन इसके बाद बहुत सारे सवाल उठ गए हैं. यह सवाल इसलिए ज्यादा उठे हैं, क्योंकि सरकार द्वारा संचालित सर्विसेज वाले हेलीकॉप्टर, जिनकी एजेंसी यूकाडा और डीजीसीए द्वारा मॉनिटरिंग की जाती है, वे यथावत चले हैं. अल्मोड़ा से हल्द्वानी हेलीकॉप्टर पहुंचे हैं और हवाई रास्ता वही है, जिस रास्ते से राहुल गांधी जी के हेलीकॉप्टर को पंतनगर से अल्मोड़ा आना था.

इसे भी पढ़ें- ‘जान’ के लिए जानलेवा कदम! टावर पर चढ़कर युवक ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा, पूरा मामला जानकर पकड़ लेंगे माथा

उन्होंने ये भी कहा कि जिस वायु मार्ग से सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर आए हैं, तो हमारा डबल इंजन हेलीकॉप्टर कैसे नहीं आ सका? कहीं न कहीं या तो हेली कंपनी या डीजीसीए या यूकाडा में से किसी को जवाब देना चाहिए. देश के प्रतिपक्ष के नेता अल्मोड़ा क्यों नहीं पहुंच पाए? उनका हेलीकॉप्टर क्यों नहीं उड़ पाया? जबकि दूसरे हेलीकॉप्टर उसी वायु मार्ग से उड़ान भर पाए हैं और संचालित हुए हैं. यह बड़ा सवाल है. पायलट और हेली सर्विसेज इन्हीं संस्थाओं के द्वारा संचालित होती हैं. यह गंभीर प्रश्न आम लोगों के दिमाग में उठ रहा है.

आगे उन्होंने ये भी कहा कि मैं उसी को अभिव्यक्ति दे रहा हूं क्योंकि हजारों-हजार पुरुष और महिलाएं जिस व्यक्ति को सुनने और देखने के लिए यहां उपस्थित हुए थे, उनके मन में यह प्रश्न स्वाभाविक रूप से उठ रहा है कि कहीं ऐसा तो नहीं है कि मौसम के अलावा कुछ और कारक हों? संभावनाएं हो सकती हैं. हम सामान्य तौर पर राहुल जी की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं. हम कभी भी नहीं चाहते हैं कि यदि मौसम खराब हो तो राहुल जी का हेलीकॉप्टर उड़े. मगर जब दूसरे हेलीकॉप्टर इस वायु मार्ग पर उड़ रहे हैं, तो फिर डबल इंजन वाला राहुल गांधी जी का हेलीकॉप्टर क्यों नहीं उड़ पाया? इसका जवाब डीजीसीए, यूकाडा या हेली कंपनी को देना चाहिए.