देहरादून. नेता विपक्ष यशपाल आर्य ने अंकिता भंडारी मामले को लेकर पोस्ट किया है. उन्होंने कहा, दो दिन पहले आदरणीय राहुल गांधी की अंकिता भंडारी के परिवार से मुलाकात हुई. चार साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी उनका परिवार न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है. अपनी बेटी के साथ हुई उस भयावह घटना का दर्द आज भी उनके दिल में ताज़ा है.
इसे भी पढ़ें- बदल गई डेडलाइन : 15 अक्टूबर तक सड़कों को करना होगा गड्ढामुक्त, सीएम धामी का निर्देश
आगे उन्होंने कहा, सिर्फ 19 वर्ष की अंकिता वनंतरा रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं. आरोप है कि एक प्रभावशाली “VIP” मेहमान की आपत्तिजनक मांग का विरोध करने के कारण अंकिता की हत्या कर दी गई और उनका शव चीला नहर में मिला. पोस्टमार्टम में भी हिंसा और डूबने के साक्ष्य सामने आए थे.
यशपाल आर्य ने ये भी कहा कि इस पूरे मामले में रिज़ॉर्ट के उस हिस्से को जांच से पहले ही ध्वस्त किए जाने को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं. आखिर ऐसी क्या जल्दबाज़ी थी कि महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच से पहले ही घटनास्थल को नष्ट कर दिया गया? आज भी अंकिता का परिवार उन तमाम सवालों के जवाब और पूर्ण न्याय का इंतज़ार कर रहा है.
इसे भी पढ़ें- नैनीताल में बीजेपी का महामंथन: सीएम, सांसद और विधायकों का जमावड़ा, सीक्रेट मीटिंग में सियासी खिचड़ी पकने के लग रहे कयास
आगे उन्होंने ये भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान किसी भी राजनीतिक दल या सरकार से ऊपर का सवाल है. किसी भी अपराधी को राजनीतिक प्रभाव या सत्ता का संरक्षण नहीं मिलना चाहिए. भारत तभी आगे बढ़ेगा, जब हमारी बेटियां बिना डर के जी सकेंगी- सम्मान, सुरक्षा, समानता और न्याय के साथ. अंकिता को न्याय मिले, हर बेटी को न्याय मिले.


