हेमंत शर्मा, इंदौर। राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे से पहले मध्यप्रदेश की सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीजेपी सरकार पर एक साथ कई मोर्चों पर हमला बोला है। युवाओं के रोजगार, ओबीसी आरक्षण, महंगाई और भागीरथपुरा दूषित पानी कांड को लेकर सिंघार ने सरकार से तीखे सवाल किए।

वहीं कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के शक्कर वाले बयान पर भी सिंघार ने पलटवार करते हुए कहा कि सिर्फ शक्कर नहीं खाने की सलाह देने से जनता की समस्या खत्म नहीं होगी। सरकार को बताना चाहिए कि जनता को सस्ती शक्कर कब मिलेगी और महंगाई कब कम होगी।

‘नौकरी क्यों नहीं देना चाहती बीजेपी?’

उमंग सिंघार ने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों, युवाओं और हर वर्ग के मुद्दों को उठा रहे हैं, लेकिन बीजेपी सरकार इन सवालों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा नौकरी चाहता है। वर्ग-1, वर्ग-2 से लेकर अतिथि शिक्षकों तक कई ऐसे पद हैं, जिनके जरिए सरकार युवाओं को रोजगार दे सकती है। सिंघार ने सीधा सवाल किया कि आखिर सरकार युवाओं को नौकरी क्यों नहीं देना चाहती? युवाओं का भविष्य क्यों खत्म किया जा रहा है? उनका कहना है कि रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के बजाय सरकार युवाओं को लगातार इंतजार करा रही है।

ओबीसी आरक्षण पर भी बरसे सिंघार

ओबीसी आरक्षण के 13 प्रतिशत हिस्से को होल्ड रखने के मुद्दे पर भी उमंग सिंघार ने बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आरक्षण का मुद्दा प्रदेश के युवाओं और पिछड़े वर्ग के अधिकारों से जुड़ा हुआ है। सरकार को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। सिंघार ने तीखे अंदाज में कहा कि “अब समय गया, चिड़िया चुग गई खेत।”

कैलाश के शक्कर वाले बयान पर सिंघार का पलटवार

कैलाश विजयवर्गीय के शक्कर को लेकर दिए बयान पर उमंग सिंघार ने जमकर तंज कसा। सिंघार ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय के शौक के बारे में सभी जानते हैं, लेकिन सवाल आम जनता का है। उन्होंने कहा कि “आप भले शक्कर मत खाइए, लेकिन जनता को कब सस्ती शक्कर मिलेगी और महंगाई कब कम होगी, इसके बारे में कैलाश विजयवर्गीय बताएं।” सिंघार ने शक्कर के मुद्दे को महंगाई से जोड़ते हुए बीजेपी सरकार से जनता को राहत देने को लेकर जवाब मांगा।

भागीरथपुरा दूषित पानी कांड पर बड़ा सवाल- जांच रिपोर्ट दबाकर क्यों रखी?

इंदौर के भागीरथपुरा दूषित पानी कांड को लेकर भी नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। सिंघार ने कहा कि सरकार को जांच रिपोर्ट तत्काल सार्वजनिक करनी चाहिए। यह केवल भागीरथपुरा का मामला नहीं है, बल्कि पूरे इंदौर की जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। उन्होंने पूछा कि आखिर इंदौर के लोगों को किस तरह का पानी पिलाया जा रहा है? अगर जांच पूरी हो चुकी है तो रिपोर्ट सार्वजनिक करने में सरकार को परेशानी क्या है?

‘अधिकारी दोषी तो नेता और जनप्रतिनिधि क्यों नहीं?’

सिंघार ने कहा कि अगर जांच रिपोर्ट में अधिकारियों की जिम्मेदारी तय हुई है तो उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन साथ ही यह भी तय होना चाहिए कि इस पूरे घटनाक्रम में जिम्मेदार नेताओं और जनप्रतिनिधियों की भूमिका क्या रही। उन्होंने सवाल किया कि अगर किसी नेता या जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी बनती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? सिंघार ने साफ किया कि कांग्रेस इस पूरे मामले को विधानसभा में उठाएगी और जांच रिपोर्ट को जनता के सामने लाने की मांग करेगी।

‘युवा हनुमान है, लंका में आग लगा दी’

युवाओं के मुद्दे पर उमंग सिंघार ने सरकार को बेहद तीखे अंदाज में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि “युवा एक होता है हनुमान और हनुमान ने अब लंका में आग लगा दी है, तो जलना है।” सिंघार के इस बयान को बीजेपी सरकार के खिलाफ युवाओं के आक्रोश से जोड़कर देखा जा रहा है। 

राहुल गांधी के दौरे से पहले कांग्रेस ने खोला मुद्दों का मोर्चा

राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे से पहले उमंग सिंघार ने रोजगार, आरक्षण, महंगाई और दूषित पानी जैसे मुद्दों को लेकर बीजेपी सरकार को घेर दिया है। एक तरफ युवाओं की नौकरी का सवाल, दूसरी तरफ ओबीसी आरक्षण, महंगाई की मार और भागीरथपुरा के दूषित पानी की जांच रिपोर्ट, सिंघार ने सरकार से हर मोर्चे पर जवाब मांगा है। अब देखना होगा कि बीजेपी इन आरोपों और सवालों पर क्या जवाब देती है और भागीरथपुरा की जांच रिपोर्ट को लेकर सरकार का अगला कदम क्या होता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m