शिखिल ब्योहार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के नामांकन को लेकर सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी की उम्मीदवारी और नामांकन प्रक्रिया को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया और बयानों के जरिए बीजेपी पर जोरदार सियासी प्रहार करते हुए कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
‘उत्तर प्रदेश में नहीं मिला टिकट तो एमपी आ गए’
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपने तीखे अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि हरदीप पुरी जी को उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए वहां से टिकट तक नसीब नहीं हुआ, जिसके बाद वे मुंह उठाकर सीधे मध्य प्रदेश टपक पड़े। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि एपस्टीन फाइल्स के खुलासे के बाद केंद्रीय मंत्री मीडिया से छुपते-छुपाते और चोरों की तरह नॉमिनेशन भरने पहुंचे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि उनका दामन पूरी तरह साफ है, तो मीडिया और जनता के सवालों से इस तरह का खौफ किस बात का है?
सीएम मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष पर भी साधा निशाना
उमंग सिंघार ने राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष शर्म के मारे अपने ही उम्मीदवार को आगे तक नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर पार्टी की ऐसी कौन सी मजबूरी है, जिसके चलते आपको और आपके उम्मीदवार को मुंह छिपाकर भागना पड़ रहा है? प्रदेश की जनता अब इन तमाम बातों का सीधा जवाब मांग रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

