ODISHA DESK, भुवनेश्वर/जगदलपुर: ओडिशा को पूरी तरह से नक्सल मुक्त बनाने की ऐतिहासिक सफलता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ओडिशा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सम्मानित किया है। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित बादल एकेडमी ग्राउंड में आयोजित एक विशेष समारोह में ओडिशा पुलिस को यह गौरवपूर्ण सम्मान मिला। ओडिशा को 31 मार्च, 2026 तक पूरी तरह नक्सल मुक्त घोषित कर दिया गया है।

पूरी ओडिशा पुलिस वाहिनी की ओर से डीजीपी योगेश बहादुर खुरानिया और एडीजी (एंटी-नक्सल ऑपरेशंस) संजीव पांडा ने गृह मंत्री से यह स्मृति चिह्न ग्रहण किया। इसके साथ ही एंटी-नक्सल ऑपरेशन में सराहनीय योगदान के लिए आईजी दीपक कुमार, डीआईजी अखिलेशवर सिंह, कंधमाल एसपी हरीश बी.सी. और अन्य अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

केंद्रीय सुरक्षा बलों (CRPF, BSF और SSB) के साथ बेहतर तालमेल के चलते ओडिशा पुलिस ने यह कामयाबी हासिल की। साल 2025-26 के बीच मुठभेड़, गिरफ्तारी और आत्मसमर्पण के जरिए 156 माओवादियों को निष्क्रिय किया गया, जिसमें दो शीर्ष केंद्रीय समिति सदस्य चलपति और गणेश उइके भी शामिल थे।

एडीजी संजीव पांडा ने बताया कि ओडिशा में माओवादी संगठन पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से एसओजी (SOG), डीवीएफ (DVF) और केंद्रीय बल अगले दो साल तक तैनात रहेंगे। वहीं, कंधमाल के जंगलों में बचे आखिरी 8-9 नक्सलियों के रोजगार की तलाश में केरल भागने की आशंका है, जिसके बाद केरल और रेलवे पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m