केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने अपने मंत्री पद और राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में उन्होंने तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संगठन को मजबूत करने के लिए पूरा समय देने की इच्छा जताई है। उनके इस फैसले को राज्य में पार्टी के विस्तार और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
PM मोदी को पत्र लिखकर बताई इस्तीफे की वजह
एल. मुरुगन ने अपने इस्तीफे के पत्र में प्रधानमंत्री मोदी की हालिया तमिलनाडु यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वहां लोगों का उत्साह और प्रधानमंत्री के प्रति उनका स्नेह देखकर उन्हें गहरी प्रेरणा मिली। उन्होंने लिखा कि इस अनुभव ने तमिलनाडु, भाजपा और देश के लिए और अधिक काम करने के उनके संकल्प को मजबूत किया है। मुरुगन के मुताबिक, वह अब राज्य में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।
गरीब परिवार से केंद्रीय मंत्री तक का सफर
अपने पत्र में एल. मुरुगन ने अपनी साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वह किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आते। उनके माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी और पशुपालन से जुड़े रहे हैं तथा आज भी कोनूर गांव में सादा जीवन बिताते हैं।
मुरुगन ने कहा कि महाकवि सुब्रमण्यम भारती, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने कॉलेज के दिनों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) जॉइन किया था। इसके बाद करीब तीन दशकों तक वह ABVP और भाजपा से जुड़े रहे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का मूल मंत्र बताते हुए कहा, “राष्ट्र सबसे पहले, पार्टी उसके बाद और मैं सबसे अंत में।”
तमिलनाडु में BJP संगठन को मिलेगी मजबूती?
एल. मुरुगन 2021 में पहली बार राज्यसभा के लिए चुने गए थे और 2024 में दोबारा उच्च सदन पहुंचे। तमिलनाडु के रहने वाले मुरुगन मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद थे। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। अब उनके इस्तीफे के बाद तमिलनाडु से राज्यसभा की एक सीट रिक्त होगी।
अब मुरुगन के राज्य में सक्रिय भूमिका निभाने से भाजपा को संगठनात्मक विस्तार में मदद मिलने की उम्मीद है। पार्टी के लिए तमिलनाडु में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करना महत्वपूर्ण है। ऐसे में मुरुगन का यह फैसला राज्य की राजनीति में भाजपा की आगामी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

