कर्ण मिश्रा, ग्वालियर/ अशोकनगर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। सिंधिया ने कहा कि अशोकनगर अब सिर्फ विकास योजनाओं का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि रोजगार का भी बड़ा हब बनेगा। उन्होंने बताया कि जिले में फेज-2 के तहत करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से 2 हजार सीटों वाला अत्याधुनिक कॉल सेंटर बनाया जाएगा। इस परियोजना के जरिए 2 हजार 592 युवाओं को हर महीने 20 से 25 हजार रुपये तक के रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
सिंधिया ने कहा कि यह परियोजना अशोकनगर में ‘लखपति युवा’ मॉडल को नई गति देगी और जिले की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।आपको बता दे कि अशोकनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार मिलकर जिले में विकास की नई इबारत लिख रही हैं। उन्होंने बताया कि अशोकनगर के लिए करीब 5 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें सबसे बड़ा फोकस युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर है।
सिंधिया ने कहा कि नए कॉल सेंटर के शुरू होने से हजारों युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार मिलेगा,जिससे पलायन भी रुकेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना अशोकनगर को रोजगार और सेवा क्षेत्र का नया केंद्र बनाएगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। अशोकनगर का यह कॉल सेंटर प्रोजेक्ट इसी दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

