कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। पुलिस ने चोरी करने वाले एक बेहद शातिर और अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गैंग चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए खासतौर पर तेज बारिश का इंतजार करता था, ताकि ताले और शटर तोड़ने की आवाज बारिश के शोर में दब जाए और किसी को भनक तक न लगे।
एक्टिवा चोरी कर की थी ज्वेलरी शॉप में वारदात
पुलिस के अनुसार, गिरोह ने 19-20 जुलाई की दरमियानी रात करीब 2 बजे बैजाताल से चोरी की गई एक्टिवा का इस्तेमाल कर रविंद्र शर्मा की ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया था। वारदात से पहले कई दिनों तक रेकी की गई। बारिश शुरू होते ही चोरों ने शटर का एक हिस्सा उठाया और अंदर दाखिल होकर करीब 5 किलो 300 ग्राम चांदी के आभूषण तथा नकदी पार कर दी। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई थी।
शातिर भाइयों पर दर्ज हैं 25 से ज्यादा केस
CCTV फुटेज व तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों—योगेश मंडेलिया, राजेश मंडेलिया, अतुल शर्मा और श्याम सुंदर कुशवाह को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में से दो मुख्य आरोपी सगे भाई हैं, जिन पर पहले से 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 5.3 किलो चांदी बरामद की है, जिसमें- 38 भगवान की मूर्तियां, 16 गाय, 11 मछलियां, 34 जोड़ी पायल, 150 जोड़ी बिछिया, 6 मुकुट, 5 बांसुरी, कड़े, चूड़ियां, छल्ले और अन्य आभूषण शामिल हैं।
अन्य चोरियों का खुलासा की संभावना
मामले की जानकारी देते हुए एएसपी सुजावल जग्गा ने बताया कि आरोपी अन्य राज्यों में भी चोरी की वारदातें कबूल कर चुके हैं। पुलिस सभी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, जिससे अंतरराज्यीय नेटवर्क और अन्य चोरियों का खुलासा होने की संभावना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


