सोनीपत। नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस ने एक सराहनीय कदम उठाया है। सेक्टर-27 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के अनेजा अस्पताल के सामने एक खुले मैदान में कुछ युवक नशा कर रहे हैं। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सवित कुमार की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर वहां से लगभग 15 से 20 युवकों को पकड़ा।

पुलिस ने इन युवकों के खिलाफ कार्रवाई
पुलिस ने इन युवकों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें नशे की लत से बाहर निकालने का फैसला किया। टीम ने सभी युवकों की काउंसलिंग की और उन्हें सुधारने के उद्देश्य से सिविल अस्पताल के ओएसटी सेंटर में भर्ती कराया। यहाँ ओएसटी यानी ओपियोइड सब्स्टीट्यूशन थेरेपी के जरिए उन लोगों का इलाज किया जाता है जो नशे के आदी हो चुके हैं। फिलहाल, सभी युवक डॉक्टरों की देखरेख में उपचार करवा रहे हैं।
भटक चुके युवाओं को सही रास्ता दिखाना
पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा है कि उनका मकसद सिर्फ तस्करों पर नकेल कसना नहीं है, बल्कि भटक चुके युवाओं को सही रास्ता दिखाना भी है। पुलिस का यह मानना है कि नशे से ग्रस्त युवाओं को सजा के बजाय इलाज की ज्यादा जरूरत है ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
सोनीपत के नागरिकों से भी अपील
पुलिस ने सोनीपत के नागरिकों से भी अपील की है कि अगर उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे का शिकार है, तो इसकी जानकारी पुलिस को दें। आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि भविष्य में भी सार्वजनिक जगहों पर नशा करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्ती और सुधारात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

