निशांत राजपूत, सिवनी। जिले के बड़े छपारा और खैरी मार्ग पर खस्ताहाल सड़क और जर्जर हो चुकी पुलिया को लेकर स्थानीय निवासियों और जन प्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा है। लंबे समय से मरम्मत की मांग कर रहे ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की जब सुनवाई नहीं हुई, तो उन्होंने विरोध प्रदर्शन का एक अनोखा तरीका अपनाया।
वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद ठाकुर विशाल सिंह ने प्रशासन और विभाग का ध्यान आकर्षित करने के लिए जर्जर पुलिया पर मध्य प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री राकेश सिंह की फोटो लगा दी है।
भाजपा नेता की बर्थडे पार्टी में सब-इंस्पेक्टर ने गाया गानाः वीडियो वायरल, शो-कॉज नोटिस जारी
सीएम हेल्पलाइन पर भी नहीं हो रही सुनवाई
पार्षद ठाकुर विशाल सिंह का आरोप है कि इस मार्ग की बदहाली को लेकर उन्होंने कई बार लिखित शिकायतें कीं और सीएम हेल्पलाइन (CM Helpline) पर भी दर्ज कराईं। लेकिन प्रशासनिक उदासीनता का आलम यह है कि हर बार उनकी सहमति के बिना ही शिकायतों को बंद (निराकृत) कर दिया जाता है, जबकि धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
पार्षद और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा किए गए इस अनोखे विरोध प्रदर्शन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर पुलिया और सड़क के कारण आए दिन हादसे का अंदेशा बना रहता है, लेकिन संबंधित विभाग पूरी तरह बेपरवाह बना हुआ है।


