कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक अनोखी और भावुक करने वाली खबर सामने आई है। शहर के कलेक्ट्रेट रोड क्षेत्र में रहने वाले अनिल ओझा के परिवार का पालतू मादा तोता “शकुंतला” अचानक घर की खिड़की से उड़ गया। परिवार के लिए यह तोता किसी पालतू पक्षी से बढ़कर घर का सदस्य था। उसके बिछड़ने के बाद घर में दादी और पोती का रो-रोकर बुरा हाल है।

READ MORE: श्रद्धालुओं से भरे लोडिंग वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर: एक की मौत, आधा दर्जन घायल, महिला का कटा पैर

शकुंतला की तलाश में पूरा परिवार पिछले कई दिनों से जुटा हुआ है। उसे ढूंढ़ने के लिए शहरभर में अभियान चलाया जा रहा है। परिवार ने ई-रिक्शा पर बैनर लगवाकर विभिन्न इलाकों में प्रचार कराया है, वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों से मदद की अपील की जा रही है। परिवार ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति मादा तोता “शकुंतला” को सुरक्षित ढूंढ़कर वापस लाएगा, उसे 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस अनोखी घोषणा के बाद यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है। बड़ी संख्या में लोग सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर तोते की तलाश में परिवार की मदद कर रहे हैं।

READ MORE: एंबुलेंस बनी मौत की सवारी : डॉक्टर की परमिशन का बहाना बनाकर नहीं दी ऑक्सीजन, मंत्री के जिले में सिस्टम ने ली एक और जान

परिजनों का कहना है कि शकुंतला कई वर्षों से उनके साथ रह रही थी और परिवार के हर सदस्य से उसका गहरा लगाव था। खासकर दादी और छोटी बच्ची उससे बेहद जुड़ी हुई थीं। उसके अचानक उड़ जाने से पूरा परिवार भावुक है और उसकी सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहा है। परिवार ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को यह मादा तोता दिखाई दे या उसके बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत संपर्क करें। उनका कहना है कि उन्हें सिर्फ अपनी “मिट्ठू-शकुंतला” की सुरक्षित वापसी चाहिए।

ग्वालियर में पालतू तोते की तलाश और उसे वापस लाने वाले के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन चुकी है। परिवार को उम्मीद है कि उनकी प्यारी “शकुंतला” जल्द ही सुरक्षित अपने घर लौट आएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m