उन्नाव के दोस्तीनगर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर संडीला से आ रही निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हुई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए.

 उन्नाव. दोस्तीनगर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे संडीला से उन्नाव आ रही एक निजी बस सड़क किनारे पलट गई. हादसे में बस सवार 45 वर्षीय सबा निवासी कासिमनगर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए.

मौके पर मची चीख-पुकार

बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों को बस से बाहर निकाला.

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.

क्षमता से दोगुनी सवारियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस करीब 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही थी. बताया गया कि बस में 20 यात्रियों के बैठने की क्षमता थी, लेकिन उसमें क्षमता से करीब दोगुनी सवारियां मौजूद थीं.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अधिक सवारियों और तेज रफ्तार के चलते बस अनियंत्रित होकर पलट गई. दुर्घटना में कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं.

चालक और सहचालक फरार

हादसे के बाद बस चालक और सह चालक मौके से फरार हो गए. पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.