उन्नाव में पत्नी को गंगा नदी में फेंकने के आरोप में युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है. आरोपी ने पुलिस के सामने घटना स्वीकार करने की बात कही है, जबकि महिला की तलाश जारी है.
उन्नाव. उन्नाव जिले में पत्नी को गंगा नदी में फेंकने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पत्नी के दूसरे युवक से बात करने के शक में वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. महिला की गंगा नदी में तलाश की जा रही है.
आरोपी की शुरुआती सूचना में कहा गया था कि उसकी पत्नी खुद गंगा नदी में कूद गई थी. हालांकि, महिला के मायके वालों के घटनास्थल पर पहुंचने और युवक पर आरोप लगाने के बाद मामला बदल गया.
ससुराल से लौट रहे थे दोनों
कानपुर नगर के बिठूर थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव निवासी सुजीत राजपूत, उम्र 21 वर्ष, शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी ऊषा, उम्र 19 वर्ष, को लेकर सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के मरौंदा मंझवारा गांव पहुंचा था.
दोनों वहां फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के सहिलापुर गांव निवासी सुजीत के साढ़ू मोनू राजपूत को देखने आए थे, जिसके हाथ में फ्रैक्चर हुआ था.
रास्ते में हुआ विवाद
शाम करीब छह बजे सुजीत पत्नी ऊषा को बाइक से लेकर घर के लिए निकला. रास्ते में दोनों के बीच विवाद हुआ.
आरोप है कि गंगा नदी के पुल पर सुजीत ने बाइक रोककर पत्नी को उठाया और नदी में फेंक दिया. इसके बाद उसने अपनी मां सुमन को फोन कर बताया कि ऊषा गंगा में कूद गई है.
मायके वालों ने लगाया आरोप
सुमन ने ऊषा के पिता विनोद और अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दी. मायके वाले मौके पर पहुंचे और सुजीत पर ऊषा को नदी में फेंकने का आरोप लगाया.
शुरुआत में सुजीत ने पुलिस को बताया कि पत्नी ने खुद नदी में छलांग लगाई थी. पुलिस की पूछताछ के बाद उसने पत्नी को नदी में फेंकने की बात स्वीकार की.
दो साल पहले हुई थी शादी
ऊषा के पिता विनोद ने पुलिस को बताया कि बेटी की शादी करीब दो साल पहले हुई थी. दंपती की कोई संतान नहीं है और दोनों के बीच पहले भी अक्सर विवाद होता था.
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी मायके में रहने वाले एक युवक से बात करती थी. उसके अनुसार, बुधवार रात भी पत्नी ने काफी देर तक उस युवक से बात की थी, जिसका विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ था.
सुजीत ने यह भी बताया कि काफी जिद करने के बाद पत्नी शुक्रवार को उसके साथ मायके आई थी. वहां कुछ समय बाद वह बाजार जाने की बात कहकर निकली और काफी देर बाद वापस लौटी थी.
महिला की तलाश जारी
सफीपुर कोतवाली प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि मायके वालों ने सुजीत पर ऊषा को नदी में फेंकने का आरोप लगाया है और आरोपी ने भी घटना स्वीकार की है.
उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अंधेरा होने के कारण गोताखोर तलाश नहीं कर सके, इसलिए मोटर बोट की व्यवस्था कर सुबह दोबारा महिला की खोज कराई जाएगी.



