सतीश सिंह, उन्नाव. कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर दही थाना क्षेत्र स्थित रोडवेज वर्कशॉप के पास शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि रोडवेज बस का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.
जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस पहले आगे चल रहे एक डंपर से टकरा गई. दुर्घटना के बाद बस में सवार कुछ यात्री और परिचालक नीचे उतरकर हालात का जायजा लेने लगे. इसी दौरान चालक ने कथित तौर पर बस को पीछे करना शुरू कर दिया, जिससे पीछे खड़े चार लोग बस की चपेट में आ गए. हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है.
इसे भी पढ़ें : जरा बच के : घटिया उर्वरक बांटने पर चीनी मिलों पर लटकेगी कार्रवाई की तलवार, बैंक गारंटी तक होगी जब्त
मृतकों में बस्ती निवासी 50 वर्षीय राजेंद्र और अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय रामनरेश की पहचान हुई है. एक अन्य मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है. बताया जा रहा है कि रामनरेश अपनी पत्नी के साथ कानपुर में अपने ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों के साथ बस चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए.

