उन्नाव. उत्तर प्रदेश जेन जी के बाद अब जेन अल्फा एक्टिव हो गए हैं. अब उन्नाव में जेन अल्फा छात्रों का गुस्सा देखने को मिला है. छात्रों ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी, खराब खाने और अव्यवस्थाओं को लेकर बड़ी संख्या में एकजुट होकर प्रदर्शन किया. जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय न्योतनी मोहान के छात्रों ने बुधवार सुबह स्कूल से निकलकर मोहान चौराहे पर सड़क जाम कर दी.
छात्रों के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. डीएम, एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन खत्म किया.
इसे भी पढ़ें- किसानों की मर्जी के बिना जमीन नहीं! CM तक पहुंचा मामला, विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहण पर विधायक सख्त
स्कूल ड्रेस में तख्तियां लेकर सड़क पर उतरे छात्र
बुधवार सुबह विद्यालय के छात्र अपनी मांगों को लेकर आक्रोशित हो गए. स्कूल ड्रेस पहने छात्र हाथों में तख्तियां लेकर विद्यालय से बाहर निकले और मोहान चौराहे पर पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. छात्रों का कहना था कि विद्यालय में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है, जिसके कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है. कई विषयों की नियमित कक्षाएं नहीं चल पा रही हैं.
खराब खाने और गंदगी को लेकर जताई नाराजगी
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विद्यालय में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप था कि खाने की गुणवत्ता ठीक नहीं है और कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई. इसके अलावा छात्रों ने शुद्ध पेयजल की कमी और विद्यालय परिसर में फैली गंदगी को लेकर भी नाराजगी जताई. छात्रों का कहना था कि मजबूरी में उन्हें अपनी आवाज सड़क पर उठानी पड़ी.
DM-SP ने बच्चों के साथ बैठकर चखा नाश्ता
छात्रों की शिकायत सुनने के बाद मौके पर पहुंचे डीएम घनश्याम मीणा, एसपी जयप्रकाश सिंह और सीडीओ कृति राज ने स्थिति का जायजा लिया. खाने की गुणवत्ता जांचने के लिए डीएम और एसपी ने खुद बच्चों के साथ बैठकर नाश्ता किया. अधिकारियों ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- मस्त प्लान था! पैसों से भरा लिफाफा छीनकर भागा बंदर, फिर पुलिस ने जो ट्रिक अपनाया जानकर रह जाएंगे हैरान
आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
प्रशासन की ओर से समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने सड़क से हटने का फैसला किया. इसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी. अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक सुधार कराने की बात कही है. अब देखना होगा कि छात्रों की शिकायतों पर प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है.

