अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. विंध्य एक्सप्रेस-वे लिंक परियोजना (Vindhya Expressway Link Project) के तहत प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण (Land Acquisition) को लेकर बुधवार को चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में अहम बैठक हुई. बैठक में सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह ने अधिकारियों के साथ परियोजना से प्रभावित होने वाले किसानों की समस्याओं और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया.
बैठक के दौरान विधायक ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि किसानों की जमीन जबरन नहीं ली जानी चाहिए. भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई किसानों की सहमति, उनकी समस्याओं के समाधान और उचित मुआवजे को ध्यान में रखते हुए ही की जाए. उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी भूमि का उचित मूल्य मिलना चाहिए, ताकि परियोजना के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े.
इसे भी पढ़ें : हनुमानगढ़ी से लेकर प्रमुख मंदिरों तक निगरानी, सावन मेले को लेकर नगर निगम अलर्ट
विधायक सुशील सिंह ने बताया कि शासन की ओर से किसानों के हित में सर्किल रेट में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है. उन्होंने कहा कि परियोजना से कुछ किसान भूमिहीन होने के कगार पर पहुंच सकते हैं. ऐसे किसानों की समस्या को उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाया है. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भूमि अधिग्रहण से पहले प्रभावित किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका उचित समाधान निकाला जाए. किसानों को उनकी जमीन का न्यायसंगत मूल्य और आवश्यक अधिकार मिलना सुनिश्चित किया जाए.
विधायक ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान किए जाने के बाद ही भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को किसानों के साथ समन्वय बनाकर पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए. बैठक में परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने भूमि अधिग्रहण की स्थिति और आगे की प्रक्रिया की जानकारी विधायक को दी. इस दौरान किसानों के हितों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया.

