मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. धार्मिक नगरी अयोध्या में चल रहे सावन मेले को लेकर नगर निगम पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि मेले को लेकर नगर निगम की टीमें लगातार सक्रिय हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार प्रमुख स्थलों पर विशेष कैंप लगाए गए हैं, जहां बरसात से बचाव समेत सभी व्यवस्थाएं की गई हैं.
महापौर ने कहा कि वह स्वयं, नगर आयुक्त और पूरी टीम लगातार शहर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही है. मंगलवार को टीम हनुमानगढ़ी क्षेत्र में मौजूद थी और आज भी विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया जाएगा. हमारा प्रयास है कि अयोध्या आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता, पेयजल और मार्ग प्रकाश को लेकर किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए. इन सभी व्यवस्थाओं को इष्टतम स्तर तक ले जाया गया है और लगातार मेंटेन किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : किसानों के लिए ब्रजेश पाठक का बड़ा संदेश… बोले- सहकारी खेती से घटेगी लागत, बढ़ेगी आमदनी
महापौर ने कहा कि सावन मेला एक लंबा और बड़ा सांस्कृतिक उत्सव है, जो मुख्य रूप से शाम के समय होता है, इसलिए नगर निगम की सफाई टीमें 24/7 लगातार काम कर रही हैं. मंदिरों के आसपास स्वच्छता की स्थिति को देखा जा सकता है. नगर निगम ने महानगरवासियों और श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाया है कि उनकी सुख-सुविधा में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी.

