उन्नाव. उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक 28 वर्षीय युवक ने कथित पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के बीच फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सुसाइड से पहले उसने करीब चार मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें अपनी पत्नी और उसके रिश्तेदार को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें- कांवड़ यात्राः आस्था व अनुशासन का अद्भुत संगम – आचार्य डॉ. विक्रमादित्य
मरने से पहले बनाया 4 मिनट का वीडियो
घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के मगरवारा की है. मृतक पवन राठौर ने कथित तौर पर आत्महत्या से पहले मोबाइल कैमरे पर वीडियो रिकॉर्ड किया. वीडियो में उसने कहा कि उसकी मौत के लिए उसकी पत्नी और उसकी बुआ का बेटा जिम्मेदार हैं, उनकी वजह से उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई. वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद उसने टिनशेड की रॉड से नायलॉन की रस्सी बांधकर फांसी लगा ली.
पिता ने देखा बेटे का शव, मोबाइल में चल रही थी रिकॉर्डिंग
घटना के समय पवन के माता-पिता घर के बाहर बैठे थे. कुछ देर बाद पिता जब अंदर पहुंचे तो बेटे को फंदे से लटका देखा. पास रखे मोबाइल में रिकॉर्डिंग चल रही थी. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि बहू का उसके फुफेरे भाई से प्रेम संबंध था और इसी वजह से बेटे को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. उनका कहना है कि पिछले चार महीनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और 9 जुलाई को पत्नी अपनी बेटी के साथ मायके चली गई थी. इसके बाद से पवन तनाव में रहने लगा था.
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मृतक की पत्नी, सास, साले, साली और एक रिश्तेदार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
इसे भी पढ़ें- ओवैसी के गठबंधन ऑफर पर सपा का पलटवार, बोली- BJP नहीं, हमसे है लड़ाई
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी तथ्यों की गहन जांच की जाएगी. फिलहाल आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.


