उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भाजपा ने बूथ स्तर से घर-घर तक संपर्क मजबूत करने की योजना बनाई है. पार्टी हर 50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता तैनात करने के साथ विधानसभा और जिला स्तर पर चुनाव संचालन समितियां गठित करेगी.

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर से लेकर घर-घर तक सक्रिय करने की तैयारी शुरू कर दी है. इसके तहत पार्टी हर 50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपेगी. साथ ही विधानसभा स्तर पर प्रवासी प्रभारी और जिला व विधानसभा चुनाव संचालन समितियों का गठन किया जाएगा.

शनिवार, 31 अक्टूबर को लखनऊ स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में चुनावी कार्ययोजना को लेकर बैठक हुई. इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव सूक्ष्म स्तर पर संगठनात्मक प्रबंधन के आधार पर लड़ा जाएगा.

घर-घर संपर्क पर जोर

विनोद तावड़े ने जिला प्रभारियों को विधानसभा क्षेत्रों में और विधानसभा प्रभारियों को शक्तिकेंद्रों में प्रवास करने के निर्देश दिए. महिला और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को भी विधानसभा स्तर पर प्रवासी की जिम्मेदारी दी जाएगी.

घर-घर संपर्क अभियान के दौरान महिलाओं, युवाओं, नए मतदाताओं, किसानों, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, छोटे व्यापारियों, प्रबुद्ध वर्ग और पूर्व सैनिकों तक पहुंच बनाने पर जोर दिया गया है. सामाजिक और धार्मिक संगठनों को भी इस अभियान से जोड़ने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है.

पार्टी के सक्रिय सदस्यों की बैठकें शुरू कर उन्हें चुनाव से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी.

मतदाता सूची पर फोकस

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने मतदाता सूची के सत्यापन और विशेष गहन पुनरीक्षण को प्राथमिकता देने की बात कही. उन्होंने प्रदेश के सभी 1,918 मंडलों में कार्यकर्ताओं की टीमें बनाकर प्रवास करने के निर्देश दिए.

इसके साथ ही ग्रामसभा स्तर पर चौपाल और जनसंवाद आयोजित करने तथा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा गया. पंकज चौधरी ने बूथ और वहां के मतदाताओं को चुनावी तैयारी का प्रमुख आधार बताया.

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने जिला और विधानसभा चुनाव संचालन समितियों के गठन पर जोर दिया. उन्होंने पूर्व पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी संगठन की गतिविधियों से जोड़ने की बात कही.

दीपावली के बाद मतदाता पुनरीक्षण अभियान को गति दी जाएगी. नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरवाने का विशेष अभियान चलेगा. युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, श्रमिकों और छोटे कारोबारियों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई जाएंगी.

छह क्षेत्रों में पदयात्रा

बैठक में तीन नवंबर से प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्राएं निकालने का निर्णय लिया गया. प्रत्येक पदयात्रा में कम से कम 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है.

पार्टी के प्रदेश महामंत्री और कार्यक्रम संयोजक दिलीप पटेल के मुताबिक, तीन नवंबर को अवध क्षेत्र के लखनऊ में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ब्रज क्षेत्र के बरेली में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के नेतृत्व में पदयात्रा होगी.

चार नवंबर को गोरक्ष क्षेत्र के गोरखपुर में भाजपा के राष्ट्रीय नेता नितिन नवीन और काशी क्षेत्र के प्रयागराज में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पदयात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.

पांच नवंबर को पश्चिम क्षेत्र के गाजियाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के कानपुर में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक पदयात्रा में मुख्य अतिथि होंगे.

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और प्रदेश सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी, जगदीश पटेल, अनंत ओझा तथा डॉ. प्रदीप वर्मा मौजूद रहे. इनके अलावा प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी भी शामिल हुए.

बैठक की शुरुआत लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर की गई. कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने किया.