यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी 2027 तक चलेंगी. बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम जारी करने के साथ विद्यालयों को फोटोयुक्त नामावली 15 अक्टूबर 2026 तक जमा करने के निर्देश दिए हैं.
लखनऊ. उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी. शासन ने दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 20 दिनों में पूरी कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इस बार 10वीं और 12वीं के कुल 52,04,713 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि पिछले साल यह संख्या 53,37,432 थी.
बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, परीक्षाएं दो पालियों में होंगी. पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित की गई है.
कब और किस विषय की परीक्षा
5 फरवरी को पहली पाली में हाईस्कूल की प्रारंभिक हिंदी और हिंदी की परीक्षा होगी. दूसरी पाली में हिंदी और सामान्य हिंदी के पेपर आयोजित किए जाएंगे.
8 फरवरी को पहली पाली में हाईस्कूल का सामाजिक विज्ञान का पेपर होगा. इसी पाली में इंटरमीडिएट के काष्ठ शिल्प, सिलाई, अकाउंटेंसी एवं अंकेक्षण और बैंकिंग समेत अन्य विषयों की परीक्षा होगी. दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की अंग्रेजी की परीक्षा निर्धारित है.
9 फरवरी को सुबह की पाली में हाईस्कूल की एनसीसी और इंटरमीडिएट की कृषि शस्य विज्ञान की परीक्षा होगी. दूसरी पाली में हाईस्कूल के मानव विज्ञान और इंटरमीडिएट के नागरिक शास्त्र का पेपर होगा.
10 फरवरी को सुबह हाईस्कूल की अंग्रेजी की परीक्षा होगी. इसी दौरान इंटरमीडिएट के कन्फेक्शनरी, फल एवं खाद्य संरक्षण और पाक शास्त्र समेत अन्य विषयों के पेपर होंगे. दूसरी पाली में हाईस्कूल के इलेक्ट्रीशियन, हेल्थ केयर, ऑटोमोबाइल, सोलर सिस्टम, प्लंबर, आईटी और रिटेल ट्रेडिंग की परीक्षा होगी. इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के लिए इतिहास का पेपर निर्धारित है.
12 फरवरी को सुबह की पाली में हाईस्कूल की गृह विज्ञान की परीक्षा होगी. इंटरमीडिएट में फल एवं खाद्य संरक्षण, परिधान रचना एवं सज्जा समेत अन्य विषयों के पेपर होंगे. दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की जीव विज्ञान और गणित की परीक्षा आयोजित की जाएगी.
13 फरवरी को सुबह हाईस्कूल की गणित की परीक्षा होगी. इंटरमीडिएट में शस्य विज्ञान, कृषि वनस्पति विज्ञान और कृषि अर्थशास्त्र के पेपर होंगे. शाम की पाली में इंटरमीडिएट की अर्थशास्त्र की परीक्षा होगी.
15 फरवरी को पहली पाली में हाईस्कूल की संस्कृत और इंटरमीडिएट की संगीत गायन, संगीत वादन तथा नृत्य कला की परीक्षा होगी. दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के रसायन विज्ञान और समाजशास्त्र के पेपर होंगे.
16 फरवरी को सुबह हाईस्कूल में गुजराती, पंजाबी, बंगला, मराठी, असमिया, उड़िया, कन्नड़, कश्मीरी, सिंधी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और नेपाली की परीक्षाएं होंगी. इसी पाली में इंटरमीडिएट के कृषि भौतिक एवं जलवायु विज्ञान और कृषि जंतु विज्ञान के पेपर होंगे. दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की भूगोल की परीक्षा होगी.
17 फरवरी को सुबह हाईस्कूल की विज्ञान की परीक्षा होगी. इंटरमीडिएट में रंगीन फोटोग्राफी, रेडियो एवं रंगीन टेलीविजन, ऑटोमोबाइल्स, मधुमक्खी पालन, डेयरी प्रौद्योगिकी और रेशम कीट पालन समेत अन्य विषयों के पेपर होंगे. शाम की पाली में हाईस्कूल के संगीत वादन और इंटरमीडिएट के भौतिक विज्ञान तथा सैन्य विज्ञान की परीक्षा होगी.
18 फरवरी को पहली पाली में हाईस्कूल की कंप्यूटर की परीक्षा होगी. इंटरमीडिएट में कृषि अभियंत्रण, कृषि पशुपालन तथा पशु चिकित्सा विज्ञान के पेपर होंगे. दूसरी पाली में हाईस्कूल की सिलाई और इंटरमीडिएट की चित्रकला आलेखन, चित्रकला प्राविधिक तथा रंजन कला की परीक्षा आयोजित की जाएगी.
19 फरवरी को सुबह हाईस्कूल की वाणिज्य की परीक्षा होगी. दूसरी पाली में इंटरमीडिएट का मानव विज्ञान का पेपर होगा.
20 फरवरी को सुबह हाईस्कूल की उर्दू की परीक्षा होगी. इंटरमीडिएट में उर्दू के साथ गुजराती, पंजाबी, उड़िया, कन्नड़, सिंधी, तमिल, तेलुगू, मलयालम, नेपाली, बंगला, मराठी और असमिया की परीक्षाएं होंगी. दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के मनोविज्ञान, शिक्षा शास्त्र और तर्कशास्त्र के पेपर होंगे.
22 फरवरी को सुबह हाईस्कूल की चित्रकला रंजन कला की परीक्षा होगी. इंटरमीडिएट में कृषि गणित और कृषि रसायन विज्ञान के पेपर आयोजित किए जाएंगे. दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के वाणिज्य वर्ग के लिए गृह विज्ञान की परीक्षा होगी.
23 फरवरी को पहली पाली में हाईस्कूल की संगीत गायन और इंटरमीडिएट की लेखाशास्त्र की परीक्षा होगी. दूसरी पाली में दोनों कक्षाओं के लिए पाली, अरबी और फारसी के पेपर निर्धारित हैं.
24 फरवरी को सुबह हाईस्कूल की कृषि विज्ञान और इंटरमीडिएट की कंप्यूटर की परीक्षा होगी. दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की संस्कृत की परीक्षा के साथ बोर्ड परीक्षाएं संपन्न हो जाएंगी.
15 अक्टूबर तक जमा करनी होगी नामावली
शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9 और 11 के अग्रिम पंजीकरण तथा कक्षा 10 और 12 के परीक्षा आवेदन से जुड़ी प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.
बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने विद्यालयों को पंजीकृत विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली डाउनलोड करके कोषपत्र की एक प्रति के साथ 15 अक्टूबर 2026 तक संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करने को कहा है.
पोर्टल पर दूर होंगी विसंगतियां
बोर्ड के अनुसार, विभिन्न जिलों के प्रधानाचार्यों ने शिकायत की थी कि कई तरह की विसंगतियों के कारण विद्यालयों की नामावली तैयार या डाउनलोड नहीं हो पा रही है. इस समस्या के समाधान के लिए परिषद के पोर्टल पर जरूरी विकल्प उपलब्ध करा दिए गए हैं.
इसके अलावा, डुप्लीकेट पंजीकरण के मामलों में निरस्त किए जाने वाले पंजीकरण का डेटा हटाने की सुविधा भी दी गई है. विद्यालयों को निर्धारित समयसीमा में पंजीकरण और परीक्षा आवेदन से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी.

