उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इनपुट गैस की लागत बढ़ने के कारण सीएनजी की दरों में इजाफा किया गया है. लखनऊ और उन्नाव में नई कीमतें 3 अक्टूबर से लागू हो गई हैं, जबकि आगरा में बदलाव 4 अक्टूबर से प्रभावी होगा.

 लखनऊ. उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख जिलों में शनिवार से सीएनजी चालकों की जेब पर बोझ बढ़ गया है. गैस कंपनियों ने इनपुट गैस की बढ़ती लागत को देखते हुए खुदरा बिक्री दरों में संशोधन किया है. इसके तहत लखनऊ, उन्नाव, अयोध्या, सुल्तानपुर और आगरा में सीएनजी के दाम बढ़ा दिए गए हैं.

लखनऊ और उन्नाव में नए रेट

राजधानी लखनऊ में सीएनजी की दर में दो रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा हुआ है. इसके बाद यहां नई कीमत 105 रुपये से बढ़कर 107 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है. वहीं उन्नाव जिले में भी दो रुपये की वृद्धि के साथ रेट 101.75 रुपये से बढ़कर 103.75 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया है. ये संशोधित दरें 3 अक्टूबर से प्रभावी हो चुकी हैं.

अयोध्या और सुल्तानपुर में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी

अयोध्या और सुल्तानपुर में वाहन चालकों को सबसे ज्यादा झटका लगा है. इन दोनों शहरों में सीएनजी 3.25 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो गई है, जिससे पुरानी दर 101.75 रुपये से बढ़कर अब 105 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है.

आगरा में 4 अक्टूबर से बदलेंगी दरें

ताजनगरी आगरा में भी सीएनजी दो रुपये प्रति किलो महंगी हुई है. आगरा में वर्तमान कीमत 105 रुपये है जो 4 अक्टूबर से बढ़कर 107 रुपये प्रति किलोग्राम हो जाएगी. संबंधित कंपनी का कहना है कि कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल होने वाली इनपुट गैस की लागत में वृद्धि के कारण यह फैसला लिया गया है.