कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में आराधना मिश्रा मोना के कार्यभार ग्रहण के दौरान अजय राय और पार्षद ममता चौधरी के पक्षों के बीच विवाद हो गया. कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हुई और एक कार्यकर्ता के जूता लहराने की बात सामने आई.

लखनऊ. प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के कार्यभार ग्रहण करने के दौरान हंगामा हो गया. निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में शुरू हुआ विवाद कहासुनी से बढ़कर धक्का-मुक्की तक पहुंच गया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच अभद्र भाषा के इस्तेमाल और एक कार्यकर्ता के जूता लहराने की बात सामने आई.

अध्यक्ष को लेकर टिप्पणी से विवाद

आराधना मिश्रा मोना के कार्यभार ग्रहण कराने के लिए अजय राय प्रदेश मुख्यालय पहुंचे थे. इसी दौरान एक कार्यकर्ता ने लोगों को हटाते हुए कहा कि अध्यक्ष जी आ रहे हैं. आरोप है कि मौके पर मौजूद पार्षद ममता चौधरी ने इस पर टिप्पणी करते हुए पूछा कि कौन से अध्यक्ष. उनके द्वारा अपशब्द कहे जाने का भी आरोप लगाया गया है.

इस टिप्पणी से नाराज अजय राय दूसरी तरफ जाने लगे. यह देखकर नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद तथा राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी उन्हें मनाकर अंदर ले आए.

दोबारा हुआ हंगामा

आराधना मिश्रा मोना के कार्यभार ग्रहण करने के बाद अजय राय जब दोबारा बाहर निकले, तब ममता चौधरी और उनके साथ मौजूद महिलाओं की ओर से फिर हंगामा होने की बात सामने आई. इसके बाद अजय राय के समर्थक भी नाराज हो गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी तथा धक्का-मुक्की शुरू हो गई.

इसी दौरान एक कार्यकर्ता के हाथ में जूता लेकर लहराने की बात भी सामने आई. घटनाक्रम के बीच प्रदेश मुख्यालय में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई.

अजय राय ने क्या कहा

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कुछ लोग गलत परंपरा डालना चाहते थे, इसलिए वह आगे बढ़ गए. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके और उनके समर्थकों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई. अजय राय के मुताबिक, ऐसे लोग पार्टी के हितैषी नहीं हो सकते और पार्टी की छवि खराब कर रहे हैं.

कौन हैं ममता चौधरी

ममता चौधरी लखनऊ नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल की नेता हैं. वह लखनऊ के मालवीय नगर वार्ड से पार्षद हैं और लगातार चार बार से इस पद पर चुनी जाती रही हैं.