मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 3.53 लाख से अधिक स्कूल रसोइयों के लिए चार योजनाओं की घोषणा की. इनमें मानदेय वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा और ड्रेस-साड़ी भत्ता शामिल हैं.

सतीश सिंह, लखनऊ. रक्षाबंधन के ठीक पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर के 3.53 लाख से अधिक स्कूल रसोइयों के लिए एक साथ चार बड़ी योजनाओं की घोषणा की. सभी जनपदों और तहसीलों में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत प्रसन्नता का क्षण है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ये योजनाएं रसोइयों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम हैं.

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली योजना के तहत रसोइयों का मासिक मानदेय बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दिया गया है. उन्होंने याद दिलाया कि नौ साल पहले रसोइयों को मात्र एक हजार रुपये मिलते थे और वह भी अनियमित रूप से. डबल इंजन सरकार ने पहले इसे दो हजार रुपये किया और अब तीन हजार रुपये कर दिया है.

पूरी राशि डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर के माध्यम से जनधन खातों में सीधे जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश भर में 55 करोड़ लोगों के लिए खोले गए जनधन खातों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे गरीबों के हक का पैसा बिना बिचौलियों के सीधे उनके खाते में पहुंचेगा.

सामाजिक सुरक्षा की गारंटी

उन्होंने दूसरी योजना में सामाजिक सुरक्षा की गारंटी का जिक्र करते हुए कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद ने भारतीय स्टेट बैंक के साथ समझौता किया है. किसी भी दुर्घटना, पूर्ण विकलांगता या मृत्यु की स्थिति में परिवार को बैंक के माध्यम से तुरंत दो लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी और परिवार असहाय रह जाता था.

पांच लाख का स्वास्थ्य बीमा

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरी योजना के अंतर्गत प्रत्येक रसोइया और उनके परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का मुफ्त कैशलेस स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाएगा. वे सरकारी अस्पताल के अलावा किसी भी इंपैनल्ड प्राइवेट अस्पताल में उपचार करवा सकेंगे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि रसोइया बच्चों को पोषण उपलब्ध कराते हैं, लेकिन पहले उनके स्वास्थ्य की कोई चिंता नहीं की जाती थी. एलपीजी से धुएं से मुक्ति के बाद अब स्वास्थ्य सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा रही है.

साथ ही, चौथी योजना में ड्रेस और साड़ी भत्ते को दोगुना कर एक हजार रुपये प्रति वर्ष कर दिया गया है. पहले यह राशि मात्र पांच सौ रुपये थी.

सपा पर बोला हमला

मुख्यमंत्री ने पिछले शासन की तुलना करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि उस समय गरीब कोई मुद्दा नहीं था. रसोइयों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स, चौकीदारों और होम गार्ड जवानों की बात नहीं सुनी जाती थी.

प्रदेश को गुंडा प्रदेश बना दिया गया था, बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगती थी, रोज दंगा-फसाद होते थे और विकास के कार्य ठप पड़े थे. उन्होंने कहा कि अब कोई बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने या वाहन छेड़ने की हिम्मत नहीं कर सकता. प्रदेश दंगा-मुक्त और कर्फ्यू-मुक्त हो गया है.

ऑपरेशन कायाकल्प से सुधरी तस्वीर

शिक्षा व्यवस्था में हुए सुधारों का विस्तार से जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत स्कूलों में फर्श, बालक-बालिकाओं के लिए शौचालय, अलग रसोई, स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी बनाई गईं. बच्चों को दो यूनिफॉर्म, बैग, किताबें, जूते-मोजे और स्वेटर दिए जा रहे हैं.

निपुण भारत अभियान की सफलता से बच्चे तीसरी से पांचवीं कक्षा तक बेहतर सीख रहे हैं. दिव्यांग बच्चों के लिए चौदह हजार गंभीर रूप से दिव्यांग बच्चों को छह हजार रुपये वार्षिक परिवहन भत्ता, तेईस हजार से अधिक दिव्यांग बालिकाओं को दो हजार रुपये वार्षिक पेंशन तथा बीस हजार से अधिक बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं.

दृष्टिबाधित बच्चों के लिए ब्रेल और लार्ज प्रिंट किताबें दी जा रही हैं. श्रमिकों के बच्चों के लिए अठारह आवासीय विद्यालय बनाए गए हैं, जहां अठारह हजार बच्चे पढ़ रहे हैं.

इस दौरान कोरोना काल में रसोइयों द्वारा एक करोड़ से अधिक मजदूरों के लिए भोजन बनाने और महाकुंभ में योगदान का भी स्मरण किया गया. मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत अनाथ बच्चों को चार हजार रुपये मासिक स्कॉलरशिप दी जा रही है.

रसोई साफ-सुथरी रखें

मुख्यमंत्री ने रसोइयों से अपील की कि रसोई साफ-सुथरी रखें, साप्ताहिक मेनू, जिसमें मिलेट, स्थानीय उत्पाद और मौसमी फल शामिल हैं, का सख्ती से पालन करें तथा बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह बंद रखें.

उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण और सुरक्षा में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए. फूड पॉइजनिंग जैसी घटनाओं से बचना चाहिए.

अच्छा काम करने वाली सरकार को समर्थन दें

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अवधी शैली में संबोधित करते हुए कहा कि अब प्रदेश में गुंडा-माफिया नहीं हैं. बहन-बेटियां दिन-रात सुरक्षित घूम सकती हैं. बिजली चौबीस घंटे उपलब्ध है, सड़कें, अस्पताल और पीने का पानी बेहतर हुआ है.

उन्होंने जनता से अपील की कि अच्छे काम करने वाली भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार को समर्थन दें.