उत्तर प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र के 17,059 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है, जिसमें बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग के पद शामिल हैं. सहायक आचार्य, सहायक अध्यापक, प्रवक्ता और प्राचार्य पदों के लिए नवंबर और दिसंबर 2026 में परीक्षाएं प्रस्तावित हैं.

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शिक्षा क्षेत्र से बड़ी खबर है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से वर्ष 2026 में जारी भर्ती विज्ञापनों के तहत शिक्षा विभाग के अलग-अलग स्तरों पर कुल 17,059 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. इनमें बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग के पद शामिल हैं.

उच्च शिक्षा में 2,047 पद

उच्च शिक्षा विभाग में कुल 2,047 पदों पर भर्ती होनी है. इनमें प्राचार्य के 111 और सहायक आचार्य यानी असिस्टेंट प्रोफेसर के 1,936 पद शामिल हैं. सहायक आचार्य पदों के लिए लिखित परीक्षा 19 और 20 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है.

माध्यमिक शिक्षा में 3,504 पद

माध्यमिक शिक्षा विभाग में 3,504 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है. इसमें सहायक अध्यापक के 897 और प्रवक्ता यानी पीजीटी के 2,607 पद शामिल हैं.

सहायक अध्यापक पदों के लिए परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है, जबकि प्रवक्ता पदों की परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को होगी.

बेसिक शिक्षा में 11,508 पद

सबसे अधिक पद बेसिक शिक्षा विभाग में हैं. प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक प्राथमिक शहरी यानी अर्बन के 11,508 पदों पर भर्ती की जा रही है. इन पदों के लिए परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है.

इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग में विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी स्पेशल टीईटी की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है.

एक लाख भर्ती लक्ष्य

शिक्षा क्षेत्र में विज्ञापित 17,059 पद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के छह माह में एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती के लक्ष्य का करीब 17 प्रतिशत हिस्सा हैं. इन पदों में 11,508 प्राथमिक शहरी सहायक अध्यापक, 2,607 प्रवक्ता, 1,936 सहायक आचार्य, 897 माध्यमिक सहायक अध्यापक और 111 प्राचार्य के पद शामिल हैं.

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से समयबद्ध रूप से पूरा कराने पर जोर है. शिक्षा क्षेत्र में इन नियुक्तियों से सरकारी नौकरी के अवसर बढ़ने के साथ स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में रिक्त पदों को भरने में भी मदद मिलेगी.