लखनऊ. उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे. एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने उत्तर प्रदेश से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि लखनऊ उनकी तपोभूमि और कर्मभूमि रही है.
इसे भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर योगी की ‘पाती’: बोले- बहन-बेटियों की सुरक्षा का लें संकल्प, 27 से 29 अगस्त तक फ्री बस यात्रा
लखनऊ पहुंचते ही बोले- यहीं से शुरू हुई जीवन यात्रा
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि लखनऊ में ही उनकी शिक्षा हुई और यहीं से उन्होंने अपने जीवन की यात्रा को आगे बढ़ाया. लंबे समय बाद अपनी कर्मभूमि लखनऊ आने पर उन्होंने प्रदेश के मतदाताओं को संदेश देने का अवसर मिलने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश उनके लिए सिर्फ एक प्रदेश नहीं, बल्कि उनके जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है. ऐसे में आगामी चुनाव की तैयारियों के बीच लखनऊ आना उनके लिए विशेष अनुभव है.
BLO से साझा करेंगे चुनाव प्रक्रिया को लेकर अहम बातें
अपने दो दिवसीय दौरे के उद्देश्य पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि बूथ लेवल ऑफिसर्स यानी BLO लोकतंत्र के आधार स्तंभ हैं. उनके साथ चुनाव प्रक्रिया को लेकर कुछ महत्वपूर्ण बातें साझा की जाएंगी. उन्होंने कहा कि चुनाव में मतदाताओं तक सही जानकारी पहुंचाने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने में बूथ स्तर पर तैनात अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. ऐसे में BLO के साथ संवाद के दौरान चुनावी प्रक्रिया को और बेहतर बनाने पर चर्चा होगी.
स्कूल-कॉलेजों में भी होंगे जागरूकता कार्यक्रम
ज्ञानेश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों और विद्यालयों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता तथा निर्वाचन व्यवस्था के बारे में जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए पूरी निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूत और पारदर्शी बनाना जरूरी है.
इसे भी पढ़ें- CM योगी के रायबरेली दौरे से पहले विरोधी पोस्टर चिपकाए गए, सोशल मीडिया पर वायरल
यूपी के मतदाताओं को दिया संदेश
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपने छोटे-छोटे सपनों और उम्मीदों के साथ प्रदेश के सभी मतदाताओं को एक बार फिर नमस्कार करते हैं. उनके लखनऊ दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. चुनाव आयोग की ओर से बूथ स्तर की व्यवस्थाओं, मतदाता जागरूकता और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर लगातार जोर दिया जा रहा है.

