मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले 6 महीने में 1 लाख युवाओं को अलग-अलग चरणों में सरकारी नियुक्ति पत्र देने की घोषणा की. लखनऊ में 3,446 प्राविधिक सहायकों और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए.

लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि अगले 6 महीने में 1 लाख नौजवानों को अलग-अलग चरणों में हर सप्ताह सरकारी नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने यह घोषणा जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में की.

कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से कृषि विभाग के लिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत नव चयनित 3,446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) और मंडी परिषद के 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के लिए किया गया था.

बिना भेदभाव नियुक्ति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पारदर्शिता के साथ बिना भेदभाव और आरक्षण के नियमों के अनुरूप योग्य अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के आधार पर नियुक्ति पत्र देना चुनौतीपूर्ण कार्य है. उन्होंने कहा कि संबंधित बोर्ड इस कार्य को सफलतापूर्वक करने में कामयाब हुए हैं.

उन्होंने कहा कि योग्यतम अभ्यर्थियों का बिना भेदभाव चयन होने का लाभ पूरे प्रदेश को मिलता है. मुख्यमंत्री ने इसे पिछले साढ़े 9 साल में डबल इंजन की भाजपा सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.

पूर्व सरकारों पर निशाना

पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले नियुक्ति का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी और महाभारत का पूरा खानदान वसूली के लिए निकल पड़ता था. नौजवान भटकता था और अंततः कोर्ट को स्टे लगाना पड़ता था.

उन्होंने कहा कि इसमें गलती युवा की नहीं, बल्कि आयोगों में बैठे भ्रष्ट नेताओं की होती थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पहले दिन से अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने का निर्णय लिया और नकल माफिया तथा संस्थानों में बैठे माफिया की कमर तोड़ने का काम किया.

विदेशों में रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था और युवा पलायन कर रहा था. उन्होंने कहा कि अब दुनिया उत्तर प्रदेश की ओर देख रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार जापान का इतना बड़ा दल भारत आया और उसने उत्तर प्रदेश को चुना. जापान ने उत्तर प्रदेश के युवाओं को नौकरी देने की इच्छा जताई है. उन्होंने कहा कि जर्मनी और इजराइल भी उत्तर प्रदेश के नौजवानों की मांग कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश से 5,000 नौजवानों को इजराइल भेजा गया है. उन्होंने कहा कि ये युवा वहां डेढ़ लाख रुपये महीना कमा रहे हैं, जबकि उनका खाना-पीना मुफ्त है और वे खुशी से रह रहे हैं.