उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के तहत 126 नए राजकीय माध्यमिक विद्यालयों का निर्माण और हस्तांतरण किया गया है। इन स्कूलों के लिए प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता, सहायक अध्यापक और कनिष्ठ सहायक के कुल 1810 पद सृजित किए गए हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के तहत 126 नए राजकीय माध्यमिक विद्यालयों का निर्माण और हस्तांतरण किया गया है। इन स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रवेश और पढ़ाई शुरू कराई जाएगी।
इन विद्यालयों के संचालन के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कुल 1810 नियमित पदों का सृजन किया है। इनमें प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता, सहायक अध्यापक और कनिष्ठ सहायक के पद शामिल हैं।
126 स्कूलों का निर्माण
प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के तहत 68 राजकीय इंटर कॉलेज और 58 राजकीय हाईस्कूल तैयार किए गए हैं। इन सभी 126 विद्यालयों को निर्माण के बाद हस्तांतरित किया गया है।
विभाग की ओर से जारी विवरण के मुताबिक, 68 प्रधानाचार्य, 58 प्रधानाध्यापक, 680 प्रवक्ता, 819 सहायक अध्यापक यानी एलटी और 185 कनिष्ठ सहायक के नियमित पद सृजित किए गए हैं।
आधे पद सीधी भर्ती
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, स्वीकृत पदों में से 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती के जरिए भरे जाएंगे। इन पदों पर भर्ती उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से होगी, जबकि बाकी 50 प्रतिशत पद पदोन्नति के जरिए भरे जाएंगे।
नए विद्यालयों में कक्षा छह और कक्षा नौ में 80-80 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए जरूरी प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी।
इन विषयों की पढ़ाई
नए राजकीय इंटर कॉलेजों में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, कंप्यूटर, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, गणित, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, भौतिक विज्ञान, रसायन और जीव विज्ञान की पढ़ाई होगी।
नए और हस्तांतरित विद्यालयों में बलरामपुर के सात, बाराबंकी के तीन, सुल्तानपुर के चार, अमेठी का एक, बहराइच के तीन, अयोध्या के दो और गोंडा का एक विद्यालय शामिल है। इसके अलावा सीतापुर, रायबरेली और लखनऊ में एक-एक विद्यालय भी शामिल हैं।


