उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 के तहत 75 जिलों में 41,424 अभ्यर्थियों के चयन का परिणाम जारी किया है. चयनित अभ्यर्थियों की जिलेवार मेरिट सूची बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है.
लखनऊ. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 के तहत 41,424 अभ्यर्थियों के चयन का परिणाम जारी कर दिया है. प्रदेश के 75 जिलों में विज्ञापित पदों के सापेक्ष चयनित अभ्यर्थियों की जिलेवार मेरिट सूची बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है.
41,424 पदों पर चयन
होमगार्ड के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए बोर्ड ने 18 नवंबर 2025 को ऑनलाइन आवेदन मांगे थे. चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के साथ अभिलेखों की जांच, शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई.
सभी चरणों में सफल अभ्यर्थियों की मेरिट लिखित परीक्षा में प्राप्त सामान्यीकृत अंकों के आधार पर तैयार की गई. इसके साथ ही आवेदन के समय जमा किए गए अधिमानी अर्हता संबंधी प्रमाणपत्रों के आधार पर अभ्यर्थियों को निर्धारित अतिरिक्त अंक भी दिए गए.
आरक्षण के आधार पर चयन
बोर्ड ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत सरकार की आरक्षण नीति को लागू करते हुए जिलावार मेरिट तैयार की. इसी आधार पर 75 जिलों में विज्ञापित कुल 41,424 पदों के लिए 41,424 अभ्यर्थियों का चयन किया गया.
वेबसाइट पर सूची उपलब्ध
चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोर्ड ने चयनित अभ्यर्थियों की जिलेवार सूची जारी कर दी है. अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और संबंधित जिले की चयन सूची देख सकते हैं.
भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है.

