उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 15 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है. मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को नागरिक उड्डयन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त बनाया गया है.
लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 15 आईएएस अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार से संबंधित आदेश जारी किए हैं. इस फेरबदल में मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल, अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है.
जारी आदेश के मुताबिक, कुछ अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है, जबकि कई अधिकारियों को मौजूदा पदों के साथ अतिरिक्त विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
मुख्य सचिव को अतिरिक्त प्रभार
मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
वहीं, अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है. उनके पास पहले से मौजूद नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति, लघु सिंचाई एवं भूगर्भ जल विभाग के अपर मुख्य सचिव का प्रभार भी रहेगा. इसके अलावा उन्हें मिशन निदेशक, ग्रामीण पेयजल मिशन और परियोजना निदेशक, राज्य स्वच्छ गंगा मिशन की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है.
वरिष्ठ अधिकारियों की नई जिम्मेदारी
आलोक कुमार-2 को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त बनाया गया है. इसके साथ ही उनके पास अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, अपर मुख्य सचिव, एनआरआई और अध्यक्ष, पिकप का अतिरिक्त प्रभार रहेगा.
एम. देवराज को राज्य सतर्कता आयोग एवं प्रशासनाधिकरण-1 के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वह वर्तमान में नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग के प्रमुख सचिव और डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के महानिदेशक हैं.
डॉ. एम.के.एस. सुंदरम को प्रमुख सचिव, समन्वय और परियोजना निदेशक, यूपीडास्प का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. उनके पास पहले से कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान तथा कृषि विपणन, कृषि व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभागों की जिम्मेदारी है.
आलोक कुमार-3 को प्रमुख सचिव, वित्त के साथ प्रमुख सचिव, संस्थागत वित्त और बाह्य सहायतित परियोजना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इससे पहले वह नियोजन, कार्यक्रम कार्यान्वयन, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभागों के प्रमुख सचिव थे. साथ ही वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी और जीरो पावर्टी उत्तर प्रदेश अभियान के नोडल अधिकारी भी थे.
अजय चौहान को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपीडा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वह वर्तमान में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव और उपशा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी हैं.
अन्य अधिकारियों के तबादले
पंधारी यादव को बाह्य सहायतित परियोजना विभाग के प्रमुख सचिव के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है. वह वर्तमान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव भी हैं.
योगेश कुमार को उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक बनाया गया है. वहीं, अमित कुमार सिंह को पीसीडीएफ से स्थानांतरित कर उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है.
कृष्ण कुमार को झांसी मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है. वह इससे पहले सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के सचिव, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकरण के प्रशासक थे.
चन्द्र शेखर को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकरण के प्रशासक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. वह वर्तमान में सिंचाई एवं जल संसाधन तथा परती भूमि विकास विभाग में विशेष सचिव हैं.
आयोग और निगम में नियुक्तियां
भूपेंद्र एस. चौधरी को सचिव, प्रशासनिक सुधार के पद से स्थानांतरित कर उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग का सचिव बनाया गया है.
देवेंद्र सिंह कुशवाहा, जो फिलहाल प्रतीक्षारत थे, उन्हें विशेष सचिव, प्रशासनिक सुधार की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
वहीं, प्रवीन मिश्रा को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम और निदेशक, जनजाति विकास का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वह वर्तमान में समाज कल्याण विभाग के विशेष सचिव और उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के सचिव हैं.

