उत्तर प्रदेश शासन ने बुधवार को सात आईएएस अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव करते हुए नई तैनाती के आदेश जारी किए. धीरेंद्र सिंह सचान को पंचायती राज निदेशक बनाया गया है, जबकि विभिन्न विभागों और जिलों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं.
लखनऊ. उत्तर प्रदेश शासन ने बुधवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सात आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. जारी आदेश के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पंचायती राज और नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग के साथ आगरा मंडल और विभिन्न जिलों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
धीरेंद्र सचान को नई जिम्मेदारी
शासन के आदेश के मुताबिक, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात धीरेंद्र सिंह सचान को पंचायती राज विभाग का निदेशक बनाया गया है. वहीं, आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल को चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है.
मुजफ्फरनगर के मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण को आजमगढ़ का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है.
आगरा मंडल में भी बदलाव
आगरा मंडल के अपर आयुक्त राजेश कुमार को विशेष सचिव, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग के पद पर तैनात किया गया है. आगरा की मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह को आगरा मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है.

इसके अलावा कानपुर देहात में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के पद पर कार्यरत अमित कुमार को आगरा का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है.
एक अधिकारी प्रतीक्षारत
उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) के पद पर कार्यरत देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को प्रतीक्षारत रखा गया है.
शासन की ओर से किए गए इन बदलावों में स्वास्थ्य, पंचायती राज, नगरीय रोजगार और जिला प्रशासन से जुड़े पद शामिल हैं. नए आदेश के तहत संबंधित अधिकारियों को उनकी निर्धारित नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.

