लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक कोटे की 11 सीटों के लिए आज मंगलवार 27 अक्टूबर सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई. पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 152 प्रत्याशी मैदान में हैं. चुनाव में 55.24 प्रतिशत मतदान हुआ था. मतगणना लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में सात केंद्रों पर हो रही है. सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
इसे भी पढ़ें- UP में 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 140 किमी की आंधी और बिजली गिरने का खतरा
मेरठ में निर्दलीय प्रत्याशी और पुलिस के बीच बहस
मेरठ के कृषि विश्वविद्यालय में मतगणना के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक हो गई. लाइव अपडेट के अनुसार, उन्होंने पुलिसकर्मी से कहा, ‘तुम्हारी औकात क्या है?’ विवाद बढ़ने पर एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले मौके पर पहुंचे. उन्होंने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया. मेरठ-सहारनपुर खंड की मतगणना के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं.
सात केंद्रों पर 152 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला
मतगणना संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों की मौजूदगी में कराई जा रही है. केंद्रों के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है. मेरठ में 18 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है. जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, मुख्य विकास अधिकारी और अन्य अधिकारी मतगणना केंद्र का दौरा कर व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं.
आगरा में सपा प्रत्याशी ने लगाए गंभीर आरोप
आगरा में सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधकों को परेशान किया गया और कई जिलों में सत्ता का दुरुपयोग हुआ. उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनावी हालात से तुलना करते हुए भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने निष्पक्ष काउंटिंग कराने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें- लखनऊ में बड़ा हादसा! फॉर्मेलिन से भरा टैंकर पलटा, आंख-गले में जलन से परेशान हुए लोग
2027 से पहले भाजपा-सपा के लिए अहम मुकाबला
इन चुनावों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और सपा की राजनीतिक ताकत परखने के मौके के तौर पर देखा जा रहा है. पहले 11 सीटों में से छह पर भाजपा, तीन पर सपा और एक-एक सीट पर निर्दलीय तथा शिक्षक गुट का कब्जा था. मतगणना के नतीजों पर दोनों प्रमुख दलों की नजर है.

