लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार मंगलवार से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का दौर शुरू होगा. मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज हवाओं की भी चेतावनी जारी की है. अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आने और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें- UP पॉलिटेक्निक परीक्षा परिणाम घोषित, 93.42 फीसदी छात्र पास, टॉप-10 में बेटियों का दबदबा

30 जुलाई तक झमाझम बारिश के आसार

आईएमडी के अनुसार 30 जुलाई तक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और मानसून ट्रफ के उत्तर की ओर खिसकने से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है. पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज धूप और गर्मी के बाद मौसम ने करवट ले ली है.

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, सोनभद्र, रामपुर, बरेली, मथुरा, मुरादाबाद, पीलीभीत, झांसी, आजमगढ़, कानपुर, वाराणसी और अयोध्या समेत कई जिलों में भारी बारिश और मेघगर्जन की संभावना जताई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने से सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

लखनऊ में भी बरसेंगे बादल

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने और एक से दो दौर की बारिश होने का अनुमान है. अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.

इसे भी पढ़ें- एथेनॉल नीति पर कांग्रेस का हमला, अजय राय ने पीएम को लिखा पत्र

जुलाई का बारिश कोटा हो सकता है पूरा

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक लगभग 325 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है. विशेषज्ञों का मानना है कि नया चक्रवाती सिस्टम सक्रिय रहने से जुलाई महीने का वर्षा कोटा पूरा हो सकता है. प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.