लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का सिलसिला लगातार जारी है. पिछले चार दिनों से हो रही तेज बारिश ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. प्रयागराज में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं, जहां दारागंज, मोरी गेट और करेली जैसे इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है. कई घरों में करीब 5 फीट तक पानी भर गया है.
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शहर में जलभराव को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी मनीष वर्मा को निर्देश दिए हैं कि अगले 24 से 48 घंटे के भीतर शहरी इलाकों से पानी निकालने की व्यवस्था की जाए.
इसे भी पढ़ें- शादी का झांसा, एक साल का ‘गंदा’ खेल! नाबालिग को लेकर भाग रहा था मौलवी, ऐन वक्त पर खुला राज
63 जिलों में बारिश का अलर्ट, 9 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को प्रदेश के 63 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें 9 जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. अयोध्या, जौनपुर समेत कई शहरों में सुबह से बादल छाए हुए हैं. प्रदेश के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. करीब 173 गांव पानी की चपेट में हैं और 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं.
वाराणसी में घाट डूबे, अंतिम संस्कार में भी परेशानी
वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. घाट किनारे बने 100 से ज्यादा मंदिरों में पानी घुस गया है. मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट के शवदाह स्थल भी जलमग्न हो चुके हैं. हरिश्चंद्र घाट पर गलियों और सीढ़ियों में पानी भर गया है, जबकि मणिकर्णिका घाट पर छत पर अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है. शवदाह के लिए लोगों को 3 से 4 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है.
चित्रकूट से सोनभद्र तक नदियां उफान पर
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान को पार कर गई है. रामघाट की सभी सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं. प्रशासन ने नदी किनारे बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की अपील की है. सोनभद्र में कनहर बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद पहली बार इसके 14 फाटक एक साथ खोलने पड़े. छत्तीसगढ़ और झारखंड से लगातार पानी आने के कारण बांध पर दबाव बढ़ गया था.
स्कूल में घुसा कोबरा, बहराइच में ट्रैक्टर से पहुंचीं एसडीएम
बहराइच में बाढ़ से करीब 5 हजार लोग प्रभावित हुए हैं. एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने ट्रैक्टर से पहुंचकर हालात का जायजा लिया. वहीं लखीमपुर खीरी के एक प्राथमिक विद्यालय में 5 फीट लंबा कोबरा घुस गया. स्कूल प्रशासन ने सांप पकड़ने वाले को बुलाकर उसे सुरक्षित जंगल में छुड़वाया.
इसे भी पढ़ें- UP बनेगा जापानी उद्योगों का दूसरा घर! योगी बोले- भरोसेमंद पार्टनर है उत्तर प्रदेश
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण यूपी में बारिश सक्रिय हुई है. प्रदेश में बारिश का दौर 25 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है.

